
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार, कलेक्ट्रेट में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह एवं लैपटॉप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लैंगिक भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 22 छात्राओं को कुल 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मेडल प्रदान किए गए। वहीं कक्षा 12 की परीक्षा में प्रथम 11 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक दिए गए। कक्षा 12 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 20 हजार रुपये का प्रतीक चेक देकर सम्मानित किया गया।

महिला कल्याण विभाग की उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत कक्षा नौ या उससे ऊपर अध्ययनरत पांच बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित दो बालिकाओं को स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला मिशन कोऑर्डिनेटर शिवांगी बालियान ने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जनपद में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। वर्ष 2011 में जहां मुजफ्फरनगर का बाल लिंगानुपात 863 था, वहीं वर्ष 2026 में यह लगभग 935 तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम का संचालन शिवांगी बालियान ने किया। इस दौरान संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी हेमलता, सामाजिक कार्यकर्ता पूजा देवी, सहायक लेखाकार शुभम सहित अधिकारी, अभिभावक, बच्चे और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, बच्चों एवं मीडिया का आभार जताया।












Total views : 408938