
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों पर सहायक आयुक्त खाद्य-II अर्चना धीरान व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जनपद के ग्राम भैंसारेडी और धनसनी में कई मावा भट्टियों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कुल 18 विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा भारी मात्रा में संदिग्ध मावा व दूध मौके पर नष्ट कराया गया और मिल्क पाउडर व वनस्पति सीज कर भट्टियों का संचालन बंद कराया गया।
इन स्थानों पर हुई बड़ी छापेमारी: अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम भैंसारेडी स्थित अतिकुर रहमान की मावा भट्टी से मावा व दूध, शाहनवाज की भट्टी से मावा व एसएमपी तथा देवेंद्रपाल की मावा भट्टी से मावा व दूध के एक-एक विधिक नमूने नियमानुसार संग्रहित किए। इसके बाद देर रात्रि टीम ने ग्राम धनसनी में कार्रवाई करते हुए सलमुद्दीन की भट्टी से मावा, वनस्पति व एसएमपी शमशुद्दीन की भट्टी से मावा, इंटरस्टेरिफाइड वेजिटेबल फैट व एसएमपी मीराजुद्दीन की भट्टी से मिश्रित दूध, मावा, एसएमपी व वनस्पति और शकील की मावा भट्टी से मावा व एसएमपी के नमूने एकत्रित किए।
डेढ़ लाख से अधिक रुपये का दूध-मावा नष्ट कराया, लाखों का माल जब्त
इस दौरान टीम ने प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के अनुकूल न प्रतीत होने और अत्यंत अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित 25 हजार रुपये के लगभग का 420 लीटर दूध तथा 510 किलोग्राम 1,37,800 का मावा मौके पर ही नष्ट करवा दिया। खाद्य सहायक आयुक्त-द्वितीय अर्चना धीरान ने बताया कि इसके अलावा लगभग 490 किलोग्राम एसएमपी पाउडर (अनुमानित मूल्य 2,23,840) और 50 किलोग्राम वनस्पति (अनुमानित मूल्य 8,810) को नियमानुसार सीज कर दिया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, वैभव शर्मा, सुनील कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. विशाल चौधरी, नेहा चौधरी, पूनम कुमारी, भोगेंद्र, अवधेश, महावीर सिंह प्रेमी तथा निशिकांत सिंह आदि मौजूद रहे।
Post Views: 86













Total views : 403592