
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FMCI) के तत्वावधान में फेडरेशन भवन में एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस कैंप में जनपद के प्रमुख उद्यमियों, उनके परिवारजनों तथा औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधकों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बरसात के मौसम और व्यस्त औद्योगिक दिनचर्या के बावजूद लोगों ने अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में एसकेबी आरोग्यम के सहयोग से विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परामर्श सेवाएं दीं। कैंप के दौरान हृदय संबंधी जांच, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य पैथोलॉजी टेस्ट किए गए। विशेष रूप से लिवर स्वास्थ्य के लिए की गई ‘फाइब्रोस्कैन’ (FibroScan) जांच आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज और रोटरी मेडिकल वैन के माध्यम से आंख, दांत, ईएनटी, ऑर्थोपेडिक और जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं और उद्यमियों के परिजनों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
कैंप के दौरान डॉ. अनुराधा अग्रवाल पैथोलॉजी सेंटर की संस्थापिका डॉ. अनुराधा अग्रवाल तथा एसकेबी आरोग्यम के संस्थापक अभिनव सुशील मौजूद रहे। एफएमसीआई के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि कारोबारी व्यस्तताओं के कारण उद्यमी अक्सर सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, इसीलिए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं। वहीं, अध्यक्ष नीलकमल पुरी ने सभी सहयोगी डॉक्टरों, मेडिकल कॉलेजों और रोटरी क्लब की टीमों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अश्वनी मित्तल, राकेश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष आशीष बंसल, पूर्व अध्यक्ष अंकित संगल, अंकुर गर्ग और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Post Views: 124













Total views : 424407