
सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए किया रेफर
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जिले के भोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लहूलुहान हालत में युवक को तत्काल भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।


इण्डेन गैस गोदाम के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान राजन के रूप में हुई है, जो भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम महाराज नगर (नया गांव) का निवासी है। रविवार सुबह राजन किसी आवश्यक काम से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोरना की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मोरना के समीप इण्डेन गैस गोदाम के सामने पहुँचा, सामने से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजन बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।

जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने पहुँचाया अस्पताल
दुर्घटना के वक्त जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल अपने सहयोगियों के साथ भोकरहेड़ी से भोपा की तरफ लौट रहे थे। सड़क किनारे घायल युवक को तड़पता देख उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया। डॉ. निर्वाल और उनके साथियों ने बिना वक्त गंवाए घायल राजन के परिजनों को हादसे की सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी भोपा पहुँचाने की व्यवस्था की।
प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में मौजूद चिकित्सकों ने घायल राजन का प्राथमिक इलाज शुरू किया। हालांकि, सिर और शरीर में आई गंभीर चोटों व नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुँच गए हैं।











Total views : 398931