
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस विधेयक को अगले सप्ताह शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश कर पारित कराना चाहती है। विधेयक में ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिससे परिसीमन के बाद किसी भी राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो।
लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत संशोधित संख्या 2051 तक लागू रहने की बात कही गई है। साथ ही सरकार महिला आरक्षण विधेयक में आवश्यक बदलावों पर भी विचार कर रही है। माना जा रहा है कि सीटों की संख्या बढ़ाने का यह कदम परिसीमन के संभावित असर को लेकर राज्यों के बीच पैदा होने वाली चिंताओं को शांत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
विशेष सत्र को लेकर हलचल तेज, शिवसेना ने जारी किया व्हिप
संसद के विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिवसेना के शिंदे गुट ने अपने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक विशेष सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश देते हुए व्हिप जारी किया है।
बीआरएस का सशर्त समर्थन, कपिल सिब्बल का आरोप
परिसीमन के मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता रावुला श्रीधर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा करती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी। उन्होंने लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखने और जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम करने वाले राज्यों को नुकसान न होने देने की बात कही। दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए सत्ता को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है, जिससे लोकतंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।
Post Views: 64












Total views : 459932