
लोकपथ लाइव, कैराना (शामली)। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने विकास क्षेत्र कैराना में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की प्रेरणा और एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देशों पर चलाए गए अभियान के तहत मोहल्ला इस्लामनगर स्थित मायापुर रोड पर लगभग 10 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि तीतरवाड़ा रोड पर 570 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने एक व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, मायापुर रोड पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए जमशेद वकील, जरीना, अमजद, अरशद और बिलाल द्वारा अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। वहीं, तीतरवाड़ा रोड पर दीपक सैनी द्वारा बिना अनुमति व्यावसायिक निर्माण किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में पूर्व में चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण और सीलिंग के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन संबंधित लोगों द्वारा अवैध निर्माण और प्लॉटिंग नहीं हटाई गई। इसके बाद गुरुवार को सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्राधिकरण की टीम और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण व सीलिंग की कार्रवाई पूरी की गई।
Post Views: 43












Total views : 459450