
मंगलवार आधीरात के बाद 1:45 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर भड़के फायर मिनिस्टर
लोकपथ लाइव, कोलकाता (पश्चिम बंगाल): राजधानी कोलकाता के पॉश और व्यावसायिक इलाके मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर मंगलवार देर रात करीब 1:45 बजे एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस इमारत के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे। आग और जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं और एक चार साल का मासूम बच्चा शामिल है। हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमारत से अब तक 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।


गहरी नींद में सो रहे थे लोग, धुएं से घुटा दम
आग लगने के समय होटलों में ठहरे ज्यादातर मेहमान गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक इमारत से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग जहरीले धुएं से भर गई। दम घुटने के कारण लोग कमरों में ही बेहोश हो गए। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू, कूलिंग का काम जारी
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां, स्थानीय पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट (आपदा प्रबंधन) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। इमारत के अंदर घने धुएं और संकरे रास्तों के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया है, लेकिन इमारत का अंदरूनी हिस्सा अत्यधिक गर्म होने के कारण लगातार कूलिंग का काम किया जा रहा है।
सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ीं
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट नजर आ रही है, लेकिन इसकी सटीक जानकारी फॉरेंसिक जांच के बाद ही मिल सकेगी। मंत्री ने कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इमारत के भीतर सुरक्षा और निर्माण नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया गया था। एक ही इमारत में अवैध रूप से कई होटल चलाए जा रहे थे और फायर सेफ्टी का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। होटल संचालन में भी कई बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं।
इमारत मालिक के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश
हादसे के बाद इमारत का मालिक मौके से फरार हो गया है। न्यू मार्केट थाने में भवन मालिक और प्रबंधन के खिलाफ अग्निशमन अधिनियम तथा लापरवाही का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी मालिक की तलाश में उसके आवास और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
17 अगस्त को बीरभूम के होटल में आग से 9 की मौत
दो दिन पहले बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास भी एक होटल में आग लग गई थी। हादसे 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका जताई गई थी।











Total views : 400101