
लोकपथ लाइव, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल करते हुए 40 वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में प्रदेश के 15 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी बदल दिए गए हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।


जिलों के नए जिलाधिकारी: सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई जिलों में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। उन्नाव के डीएम गौरांग राठी को अब झांसी का नया डीएम बनाया गया है। इसी प्रकार, विशेष सचिव ऊर्जा इंद्रजीत सिंह को सुलतानपुर का डीएम और सुलतानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती, झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आलोक यादव को शामली और शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का डीएम बनाया गया है।

अन्य नियुक्तियों में हापुड़-पिलखुआ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नितिन गौड़ को अमरोहा का डीएम, विशेष सचिव खाद्य एवं रसद अभिषेक गोयल को हमीरपुर का डीएम, निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार सरनीत कौर ब्रोका को रायबरेली का डीएम, अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का डीएम, हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीणा को उन्नाव का डीएम, मैनपुरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी का डीएम, औरैया के डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का डीएम, और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम नियुक्त किया गया है। सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का डीएम बनाया गया है, जबकि आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियां: डीएम स्तर के बदलावों के अलावा, अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी फेरबदल हुआ है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार को अब प्रबंध निदेशक उप्र पावर कॉरपोरेशन की कमान सौंपी गई है। प्रतीक्षारत आईएएस आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त बनाया गया है।
माध्यमिक शिक्षा सचिव बनी किंजल सिंह: परिवहन आयुक्त रहीं किंजल सिंह को अब सचिव माध्यमिक शिक्षा के पद पर भेजा गया है। लखीमपुर खीरी की डीएम रहीं दुर्गा शक्ति नागपाल को देवीपाटन मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। देवीपाटन मंडल के निवर्तमान कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा, फतेहपुर के डीएम रहे रविंदर सिंह को विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, निदेशक यूपीनेडा और प्रबंध निदेशक उप्र रिन्यूएबल एंड ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार द्वितीय को एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।












Total views : 286304