
लोकपथ लाइव, सिसौली (मुजफ्फरनगर): भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की राजधानी सिसौली में किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखंड पाठ, कीर्तन समागम, हवन-यज्ञ और रक्तदान शिविर के जरिए किसान नेता को नमन किया गया।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ और लंगर
मंगलवार सुबह नौ बजे से किसान भवन परिसर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ एवं कीर्तन समागम विधिवत रूप से शुरू हुआ। ग्रंथियों द्वारा गुरवाणी का रसपान कराया गया। दोपहर एक बजे पाठ की समाप्ति पर अरदास हुई, जिसके बाद संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने तीन दिवसीय गुरु ग्रंथ साहिब पाठ और लंगर सेवा में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने याद दिलाया कि सिख समाज ने दिल्ली किसान आंदोलन में भी अभूतपूर्व सहयोग दिया था।
समाधि पर पुष्पांजलि और हवन-यज्ञ
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत तथा गौरव टिकैत ने चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान चौ. टिकैत की आत्मा की शांति के लिए हवन-यज्ञ किया गया, जिसमें किसानों ने आहुतियां दीं। मुजफ्फरनगर के विभिन्न गांवों में भी किसानों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन कर प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौ. टिकैत द्वारा किसान हितों के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्षों को याद करते हुए उनके विचारों और किसान एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाया उत्साह
जयंती के अवसर पर ‘खालसा हेल्प फाउंडेशन’ द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व मंत्री योगराज सिंह, मंत्री नरेंद्र कश्यप, गौरव टिकैत, राजन जावला, अनिल राजपाल सिंह सहित कई राजनीतिक हस्तियों, भाकियू पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सैकड़ों किसानों ने चौ. टिकैत के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
Post Views: 73












Total views : 430211