
लोकपथ लाइव, शामली। हरियाणवी कलाकार एवं सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोमवार को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जयंत चौधरी ने कहा कि वह परिवार के बीच इसलिए पहुंचे हैं, क्योंकि ये उनके अपने लोग हैं। उन्होंने अंकित बालियान की हत्या को बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि परिवार ने इस अपराध में अपना सब कुछ खो दिया है और यह उनके लिए बेहद कठिन समय है। कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि व्यवस्था तभी मजबूत रह सकती है, जब आम आदमी का कानून पर विश्वास कायम रहे।


उन्होंने कहा कि कानून ने अपना काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं और इसी के तहत पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई की है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जयंत चौधरी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर खुलकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।













Total views : 408958