Select Language :

Home » मुजफ्फरनगर » मुजफ्फरनगर स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री, पुलिस लाइन में एसएसपी ने किया योग

मुजफ्फरनगर स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री, पुलिस लाइन में एसएसपी ने किया योग

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ आयु के लिये योग” की थीम पर अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ, जिसके साथ ही पुलिस लाइन, दीवानी न्यायालय, जिला कारागार, दिव्य ध्यान योग आश्रम, कमला फार्म और जिला महिला चिकित्सालय में भी सामूहिक योगाभ्यास के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में मुख्य अतिथियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। सभी स्थानों पर माननीय प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को भी सुना गया।
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य आयोजन
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन व धनवन्तरि पूजन के साथ किया गया। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में लगभग 1800 लोगों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर जनपदवासियों से निरोगी काया और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी व भारी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन में योग सप्ताह का समापन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य योग कार्यक्रम के साथ विगत 14 जून से चल रहे योग सप्ताह का विधिवत समापन हुआ। योगाचार्य श्री योगेश द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न आसन व प्राणायाम कराए गए। इस अवसर पर एसएसपी ने योग को पुलिसकर्मियों की दिनचर्या के लिए बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुलिस लाइन परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण भी किया गया।
दीवानी न्यायालय में विधिक साक्षरता व योग शिविर
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार दीवानी न्यायालय के केंद्रीय सभागार में जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री बीरेन्द्र कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में योग एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग के माध्यम से मन, मस्तिष्क और आत्मा में संतुलन स्थापित कर मानसिक समस्याओं से निजात पाई जा सकती है। सिविल जज (सी.डि.) व सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने भी भारत की इस प्राचीन कला की वैश्विक सराहना पर गर्व व्यक्त किया।
जिला कारागार में बंदियों का योग सत्र
कारागार मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला कारागार मुजफ्फरनगर में चल रहे योग सप्ताह का विशाल शिविर के साथ समापन हुआ, जिसका उद्देश्य बंदियों व स्टाफ को तनावमुक्त रखना था। ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के योग प्रशिक्षक श्री नीरज तोमर, श्री रामानंद शर्मा व श्री पुनीत शर्मा ने पुरुष बंदियों को तथा इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गेनाईजेशन की संयुक्त सचिव सीमा सिंह ने महिला बैरक में महिला बंदियों को योगाभ्यास कराया। जेलर श्री नीरज कुमार श्रीवास्तव ने योग को दुनिया के लिए भारत का अनमोल उपहार बताते हुए बंदियों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
दिव्य ध्यान योग आश्रम में योग शिविर
पचैंडा रोड स्थित दिव्य ध्यान योग आश्रम में पीठाधीश्वर स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज के सानिध्य में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। योगाचार्य विनोद शर्मा एवं योग प्रशिक्षिका स्वाति के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने विभिन्न आसन किए। स्वामी जी ने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति अपने शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रख सकता है। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री ऋषभदेव शर्मा सहित पंडित ब्रह्मप्रकाश शर्मा, सोहनबीर सिंह व संजय मिश्रा जैसे अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कमला फार्म में भारतीय योग संस्थान का कार्यक्रम
भारतीय योग संस्थान दिल्ली के तत्वाधान में मुजफ्फरनगर के 20 केंद्रों द्वारा सामूहिक रूप से कमला फार्म में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अशोक कंसल, विशिष्ट अतिथि अजय सिंघल, अनिल नामदेव व जिला प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता द्वारा संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल जी व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। संस्थान के विभिन्न केंद्र प्रमुखों व प्रशिक्षकों द्वारा सुंदर आसन एवं प्राणायाम कराए गए, जिसका सफल संचालन जिला मंत्री कुसुम सिंघल ने किया।
जिला महिला चिकित्सालय में सामूहिक योगाभ्यास
जिला महिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा आत्रे के नेतृत्व में डॉक्टरों और स्टाफ कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योगाचार्य योगेश कुमार के निर्देशन में चिकित्सालय स्टाफ ने योग की विभिन्न क्रियाओं को सीखकर स्वास्थ्य के प्रति सजगता का संदेश दिया। डॉ. आभा आत्रे ने कहा कि नियमित योग तनावमुक्ति और शारीरिक संतुलन के लिए बेहद प्रभावी पद्धति है। कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. मुरली भास्कर, डॉ. प्रीति गर्ग सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 1 8 6 4 1
Total views : 348458

Follow us on