Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर के रथेड़ी में खौफनाक मंजर, बच्चा न होने पर पंचायत से पहले ही विवाहिता को जलाया

मुजफ्फरनगर के रथेड़ी में खौफनाक मंजर, बच्चा न होने पर पंचायत से पहले ही विवाहिता को जलाया

जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा, गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल किया रेफर
पति दूसरी शादी करना चाहता था, जिसके लिए पंचायत का इंतजार किये बिना की हैवानियत
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रथेड़ी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक विवाहिता अमरीन को संदिग्ध परिस्थितियों में तेल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या की नीयत से जिंदा फूंकने का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। इस खौफनाक घटना के बाद जिला चिकित्सालय में जमकर हंगामा हुआ, जिसे देखते हुए परिसर को छावनी में बदल दिया गया। आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से झुलसी अमरीन को बेहतर जीवन रक्षक इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।

How to Make a News Portal

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई मंडी क्षेत्र के गांव बझेड़ी के पूर्व प्रधान मोहम्मद साबिर के परिवार की भतीजी अमरीन (पुत्री साजिद हसन) का निकाह करीब साढ़े छह वर्ष पहले रथेड़ी निवासी शादाब (पुत्र कामिल अहमद) के साथ हुआ था। परिजनों का कहना है कि निकाह के वक्त उन्होंने हैसियत के मुताबिक कार, एसी, सोने-चांदी के जेवरात और बड़ी रकम नकद दी थी। लेकिन निकाह के इतने वर्षों बाद भी संतान न होने के कारण अमरीन को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से नरक जैसी यातनाएं दी जा रही थीं।

दूसरी शादी पर नहीं, असली विवाद की जड़ ‘संपत्ति’ बनी
विवाहिता अमरीन के चाचा अब्दुल कादिर का कहना है कि आरोपी पति शादाब पहले सऊदी अरब में नौकरी करता था और वर्तमान में गांव बोपाड़ा में एक परचून की दुकान चलाता है। विवाद को सुलझाने के लिए लगातार पंचायतें हो रही थीं। आठ दिन पहले रथेड़ी में एक पंचायत हुई थी, जबकि आगामी रविवार को गांव खुड्डा में दूसरी बड़ी पंचायत होनी तय थी। परिजनों ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे शादाब की दूसरी शादी के लिए राजी हो गए थे, लेकिन उन्होंने शर्त रखी थी कि अमरीन के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शादाब को कुछ संपत्ति अमरीन के नाम करनी होगी। आरोप है कि संपत्ति नाम करने की बात से बौखलाए ससुराल वालों ने पंचायत होने से पहले ही अमरीन को रास्ते से हटाने के लिए उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी।

चारपाई पर तड़पती मिली विवाहिता
मायके पक्ष के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद ससुराल पक्ष ने चालाकी दिखाते हुए गांव के प्रधान को सिर्फ हादसे की सूचना दी और खुद घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर जब मायके वाले आनन-फानन में रथेड़ी पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अमरीन गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में चारपाई पर तड़प रही थी, जबकि उसकी सास उस पर पानी डाल रही थी। सूचना पर पहुंची नई मंडी पुलिस ने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला चिकित्सालय भिजवाया।

चिकित्सकों ने गंभीर हालत में किया रेफर
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने करीब 80 प्रतिशत तक झुलसी विवाहिता को गंभीर हालत देखते हुए सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया है। उधर अमरीन के गंभीर रूप से झुलसने की खबर जैसे ही बझेड़ी और आसपास के गांवों में फैली, सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद मुजफ्फरनगर पुलिस को कानून-व्यवस्था संभालने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा। इस संबन्ध में पुलिस में तहरीर दे दी गई है। थाना प्रभारीनई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संतान न होने और दूसरी शादी का विवाद सामने आया है। घटना के बाद से ही आरोपी पति शादाब और अन्य परिजन घर से फरार हैं, मौके पर सिर्फ सास मिली थी। पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें रवाना कर दी गई हैं। मामले में सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 0 1 4 5
Total views : 353335

Follow us on