
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर में बुधवार को भगवान दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव बेहद श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में समाज के उन 200 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2026 की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने भी शिरकत की और वहां मौजूद पारंपरिक चाक चलाकर मिट्टी के बर्तन बनाने की कला को सराहा।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ रामलीला टिल्ला मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि व महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्यामलाल प्रजापति ने की। समारोह को संबोधित करते हुए दारा सिंह प्रजापति और वरिष्ठ समाजसेवी भूले सिंह ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया और युवाओं से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के समापन के बाद रामलीला टिल्ला से भगवान दक्ष प्रजापति की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य रथ पर सवार भगवान दक्ष की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। यह यात्रा नंबर-02 चुंगी, आबकारी रोड, हनुमान चौक, भगत सिंह रोड, शिव चौक, झांसी रानी चौक और टाउनहॉल रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस रामलीला टिल्ला पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में 5 बैंड, 12 डीजे, 10 रथ और 10 मनमोहक झांकियों के साथ ग्रामीण इलाकों से आईं ट्रैक्टर-ट्रालियां शामिल रहीं। इस दौरान प्रजापति समाज की पारंपरिक कला का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत हुआ और भंडारे आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में ब्रह्मपाल प्रजापति, सचिन प्रजापति, राहुल प्रजापति, सोनपाल, प्रमोद प्रजापति, प्रभात प्रजापति और सभासद अर्जुन प्रजापति सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post Views: 87













Total views : 388462