
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर।जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के बीच शासन से गैर जनपद स्थानांतरण के आदेश के बाद बुधवार को दो वरिष्ठ चिकित्सकों को रिलीव कर दिया गया। इनमें जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संजय कुमार वर्मा और वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव गुप्ता शामिल हैं। दोनों चिकित्सकों के जाने के बाद जिला अस्पताल में नए सीएमएस की जिम्मेदारी डॉ. भुजवीर सिंह को सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा अनुभाग की ओर से अपर निदेशक ग्रेड के चिकित्सकों के स्थानांतरण की सूची जारी की गई थी। इसमें जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर के सीएमएस डॉ. संजय कुमार वर्मा का स्थानांतरण गोरखपुर और लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. संजीव गुप्ता का स्थानांतरण बरेली किया गया है। बरेली में उन्हें जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार को दोनों चिकित्सकों को जिला अस्पताल से रिलीव कर दिया गया।
भुजवीर सिंह 2022 से जिला अस्पताल में दे रहे सेवाएं
नए सीएमएस बनाए गए डॉ. भुजवीर सिंह वर्ष 2022 से मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात हैं। मूल रूप से हापुड़ के निवासी डॉ. भुजवीर सिंह को स्वास्थ्य विभाग में लंबा अनुभव है। वह करीब 14 साल तक बागपत में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब उन्हें जिला अस्पताल के प्रशासनिक और चिकित्सकीय प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Post Views: 200












Total views : 444501