

पहली कैबिनेट की होने वाली बैठक में होंगे केई ऐतिहासिक फैसले?
LP Live, New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छह कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण की। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रुप में रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य कैबिनेट मंत्रियों के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रुप रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। भाजपा को 27 साल के बाद दिल्ली में सत्ता हासिल हुई है। रेखा गुप्ता के अलावा प्रवेश वर्मा, पंकज सिंह, आशीष सूद, रवींद्र इंद्रराज, कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कैबिनेट मंत्रियों के रुप में पद और गोपनीयता की शपथ ली है। भाजपा ने दिल्ली सरकार में सभी वर्गो को रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में जगह दी है। मसलन सीएम वैश्य, तो पंकज सिंह राजपूत और पूर्वांचली चेहरा है। प्रवेश वर्मा जाट के अलावा मनजिंदर सिंह सिरसा को सिक्ख समुदाय से आते हैं, तो वहीं रविन्द्र इंद्राज दलित चेहरा हैं। कपिल मिश्रा को ब्राह्मण होने के नाते कैबिनेट में जगह मिली है। पंजाबी चेहरे के रुप में आशीष सूद को मंत्री बनाया गया है। आज देर शाम तक मंत्रियों के विभागों का भी ऐलान होने की संभावना है।
पीएम मोदी समेत अनेक हस्तियां शामिल
दिल्ली की भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत केई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा और सहयोगी दलों की राज्य सरकार के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केपी मौर्य, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और दिया कुमारी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के अलावा अन्य राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम भी समारोह में शामिल हुए। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा और आप सांसद स्वाती मालीवाल भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल रही।

कैबिनेट की पहली बैठक
बीजेपी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में दोपहर करीब तीन बजे होने की संभावना है और इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा। इस बैठक में अन्य केई ऐतिहासिक फैसले होने की भी संभावना है।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से निर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता फिलहाल दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे। 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था, तब उनकी उम्र महज दो साल थी। इसके बाद रेखा की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई। रेखा गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज के चुनाव में सचिव बनी और फिर 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव में अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई। रेखा गुप्ता इससे पहले 2007 में उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं और 2007-09 में वह एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं। साल 2009 में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव बनी और 2010 में भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बनाई गई।
