
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में मंगवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के द्वितीय चरण को लेकर अंतर विभागीय समन्वय समिति की एक बैठक हुई। बैठक में सीडीओ कमल किशोर कंडारकर देशभूषण की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सकुशल संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी व संक्रामक रोगों के संचरण को देखते हुए नगर विकास, पंचायती राज और शिक्षा विभाग को अपनी गतिविधियां पूरी गंभीरता से चलानी होंगी। उन्होंने सभी सरकारी भवनों, स्कूलों और पंचायत घरों की छतों तथा परिसरों का निरीक्षण कर जलभराव समाप्त करने व स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही स्टॉप डायरिया कैंपेन में शामिल एनजीओ ‘पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया’ को सक्रिय सहयोग करने तथा नियमित रिपोर्टिंग व फोटोग्राफ शेयर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान की रूपरेखा, कार्यदायित्व और विगत अभियान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाला यह अभियान उत्तर प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसकी मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा की जाती है। इस बार अभियान में दस्त रोको अभियान को नवीन घटक के रूप में जोड़ा गया है, जबकि शिक्षा विभाग की गतिविधियों में एनिमल बाइट पर प्राथमिक उपचार और घाव धोने का प्रशिक्षण भी शामिल किया गया है। इसी क्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने जनपद में चल रहे टीबी रोको अभियान की जानकारी दी और उपस्थित सदस्यों को निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने व उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। अंत में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी विभागों के अधिकारियों व प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अभियान की सफलता बेहतर कोऑर्डिनेशन पर निर्भर करती है, अतः सभी विभाग आपसी तालमेल से गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करें। बैठक में बीएसए संदीप कुमार सहित समस्त प्रतिभागी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Post Views: 66













Total views : 356542