Select Language :

Home » मुजफ्फरनगर » जिला अस्पताल के दंत विभाग में ‘खींचतान’ पर सीएमओ का एक्शन

जिला अस्पताल के दंत विभाग में ‘खींचतान’ पर सीएमओ का एक्शन

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय के दंत विभाग में चल रही डॉक्टर और डेंटल हाईजिनिस्ट के बीच आपसी खींचतान पर सीएमओ ने कड़ा एक्शन लिया है। अस्पताल में किसी भी प्रकार के विवाद और माहौल खराब होने से बचाने के लिए परामर्शदाता (दन्त) डॉ. नीरज कुमार को खतौली अटैच किया गया है। इसके साथ ही डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा को मखियाली भेजा गया है। गौरतलब है कि डॉ. नीरज कुमार का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी मेरठ समेत विभिन्न जिलों में तैनाती के दौरान उनके कार्यकाल से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं।
जिला अस्पताल के दंत विभाग की व्यवस्थाओं और आपसी समन्वय को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सीएमओ ने तैनाती स्थल में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत तीन चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों को अग्रिम आदेशों तक नवीन तैनाती स्थलों पर संबद्ध किया गया है। स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सात नवम्बर को सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया को पत्र भेजकर अवगत कराया था कि दंत विभाग में तैनात डॉ. नीरज कुमार और डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा के बीच आपसी समन्वय नहीं बन पा रहा है, जिससे विभाग और चिकित्सालय का माहौल प्रभावित हो रहा था।
इसी स्थिति को संज्ञान में लेते हुए सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने प्रशासनिक कदम उठाया है। उन्होंने डॉ. नीरज कुमार को जिला चिकित्सालय से हटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खतौली तथा डेंटल हाईजिनिस्ट संजीव कुमार लांबा को सीएचसी मखियाली भेज दिया है। वहीं, सीएचसी मखियाली में तैनात डेंटल हाईजिनिस्ट कृष्ण कुमार को जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर में तैनाती दी गई है। सभी संबंधित कर्मियों को तत्काल कार्यभार मुक्त होकर नए स्थान पर योगदान देने और प्रमाण पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह ने बताया कि डॉ. नीरज कुमार और संजीव लांबा का आपस में समन्वय नहीं बन रहा था, जिसकी जानकारी सीएमओ को दी गई थी, जिसके बाद दोनों के स्थान परिवर्तन किए गए हैं।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 8 6 9 7 3
Total views : 457580

Follow us on