
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में आमजन को उनके घर के नजदीक बेहतर प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों’ का मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुभाष नगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकेड़ा, बहादुरपुर, मीरापुर तथा रामराज का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आरोग्य मेलों में पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष फीडबैक लिया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति पंजिका, पैथोलॉजी जांच सुविधाओं, ओपीडी रजिस्टर तथा नि:शुल्क दवा वितरण काउंटरों की स्थिति जांची। डॉ. तेवतिया ने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुसार आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को बिना किसी देरी के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य केंद्रों पर परिसर की साफ-सफाई, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के स्टॉक और अन्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला प्राथमिक स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी व संवेदनशीलता के साथ करने की हिदायत दी, ताकि शासन द्वारा संचालित इन जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
Post Views: 132













Total views : 407187