
लोकपथ लाइव, मेरठ/मुजफ्फरनगर। सावन में कांवड़यात्रा के अवसर पर शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे, वहीं मुजफ्फरनगर के ऐतिहासिक शिव चौक पर भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है।
यह रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम, हिंडन से हेलीकॉप्टर से आयेंगे मेरठ :
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हिंडन एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा मेरठ पहुंचेंगे और हिंडन से मेरठ तक पूरे कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद मोदीपुरम स्थित दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के निकट बनाए गए मंच से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करेंगे। मुख्यमंत्री सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करेंगे।
मुजफ्फरनगर के शिवचौक पर भी हेलीकॉप्टर से योगी आदित्यनाथ करेंगे पुष्पवर्षा:
मुजफ्फरनगर में भी शिव चौक पर कांवड़ियों के स्वागत की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी दी है कि शनिवार को शिव चौक पर भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा किसकी ओर से कराई जाएगी, जिसको लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। लेकिन लखनऊ से मुख्यमंत्री के मीडिया सेल यूनिट से मिली जानकारी में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा दी गई है।
तैयारियों में जुटा मुजफ्फरनगर और मेरठ प्रशासन
मेरठ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, हेलिपैड, एंटी-सबोटाज जांच, बम निरोधक दस्ता और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मुजफ्फरनगर में भी शिव चौक और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुष्पवर्षा और मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर प्रस्तावित हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा को शिवभक्तों की आस्था के सम्मान और भव्य स्वागत के रूप में देखा जा रहा है।
Post Views: 121













Total views : 395450