
लोकपथ लाइव, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राजधानी लखनऊ में निर्मित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है। सपा सरकार ने लोकतंत्र के रक्षक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने इस प्रोजेक्ट को अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का अड्डा बना दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध, अपराधियों, बेईमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और जनता के खजाने से लूटे गए पैसों की वसूली की जाएगी। मुख्यमंत्री रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण करने के बाद एक विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम योगी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 200 करोड़ रुपये की मूल लागत वाले जेपीएनआईसी प्रोजेक्ट पर 864 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद इसे अधूरा छोड़ दिया गया। जिस काम को 18 महीने में पूरा होना था, वह सालों तक लटका रहा। सेंटर पर कब्जा बनाए रखने के लिए सपा ने अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और राजेंद्र चौधरी को शामिल कर एक निजी कमेटी बना ली थी, जिसे अब सरकार ने भंग कर इसे वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि यह पैसा सैफई सिंडिकेट का नहीं बल्कि यूपी की जनता का है और किसी राजनीतिक दल को इस पर डकैती डालने की छूट नहीं दी जाएगी। सपा को दंगों की ‘बादशाह’ बताते हुए उन्होंने कहा कि कर्फ्यू, जातीय राजनीति और सरकारी खजाने में लूट-खसोट ही सपा की असली पहचान रही है।
मातृशक्ति के सशक्तीकरण पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए ‘मिशन शक्ति’ प्रभावी ढंग से लागू है। इसी कड़ी में यूपी पीएसी में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला बटालियन गठित की गई हैं, जो लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में अंतिम चरण में हैं। इसके अलावा स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत स्कूटी दी जाएगी और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी के शौर्य को नमन करते हुए सीएम ने कहा कि मात्र 26 वर्ष की आयु में उन्होंने 1857 के प्रथम स्वाधीनता समर में ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। उनका जीवन समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, संदीप सिंह और महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post Views: 55













Total views : 407187