वेस्ट यूपी के जिलों की अग्निवीर भर्ती जल्द, पंजीकरण तिथि घोषित
मेरठ में मुजफ्फरनगर समेत 13 व आगरा में 12 जिलों की भर्ती की तैयारी
LP Live, New Delhi: भारतीय सेना में पश्चिम उत्तर प्रदेश के जिलों में अग्निवीरों की भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 15 मार्च तक ऑन लाइन पंजीकरण होंगे।
सेना में विभिन्न पदों पर अग्निवीर भर्ती के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सेना भर्ती के मेरठ केंद्र पर 13 जिलों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर जिलों की भर्ती होगी। जबकि आगरा भर्ती केंद्र पर आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, मैनपुरी, एटा, कासगंज, झांसी, जालौन, इटावा और ललितपुर के लिए भर्ती की जाएगी। इसके लिए अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में हुए बदलाव के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कराना आवश्यक है, जिसके लिए अंतिम तिथि 15 मार्च है। इसके बाद 17 अप्रैल को पंजीकृत हुए अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। अग्निवीर भर्ती के इच्छुक सेना भर्ती की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इस नई प्रक्रिया के अंतर्गत कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा दे रहे छात्र भी अग्निवीरों की भर्ती के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
प्रमाण पत्रों के अंक भी होंगे शामिल
सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन करने वालों को विभिन्न पदों के लिए बोनस अंक भी जोडे जाएंगे। खेल प्रमाण पत्र के स्तर के आधार पर अंक मिलेंगे। इसी प्रकार श्रेणी के आधार पर एनसीसी प्रमाण पत्र के बोनस अंक जोड़े जाएंगे। अन्य तकनीकी कोर्स के प्रमाण पत्र या अन्य विशेष प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों के बोनस के रुप में अंक शामिल किये जाएंगे।