केंद्रीय खेल मंत्री से मिला भाकियू अराजनैतिक का प्रतिनिधिमंडल
महिला पहलवानों की रखी समस्याएं। राजेंद्र सिंह मलिक (गठवाला खाप) के नेतृत्व में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से की मुलाकात।


LP Live, New Delhi: भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक (गठवाला खाप) के नेतृत्व में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिला। इस दौरान उन्होंने महिला खिलाड़ियों के विषय में गंभीर वार्ता की। वार्ता में केंद्रीय खेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि हमारी सरकार की मंशा किसी व्यक्ति विशेष को बचाने की नही है। जल्द ही जांच पूरी होने पर पुलिस एवं न्यायालय अपना कार्य निष्पक्षता के साथ करेंगे । हमारे लिए महिला खिलाड़ियों का सम्मान सर्वोपरी है। वार्ता में धर्मेंद्र मलिक राष्ट्रीय प्रवक्ता,अशोक बालियान आदि भी शामिल रहे।
देश के लिए मेडल लाने वाली महिला रेसलरों ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न के आरोपों लगाये है। अवगत कराया कि इस सम्बन्ध में 3 जून 2023 को गठवाला खाप के चौधरी की अध्यक्षता में सर्वखाप की एक पंचायत ग्राम लिसाढ़ जनपद शामली में हुई थी, जिसमे पारित प्रस्तावों को केन्द्रीय खेल मंत्री भारत सरकार को अवगत कराने का निर्णय लिया गया था। पारित प्रस्ताव में महिला रेसलरों की एफआईआर पर पुलिस की निष्पक्ष व अतिशीघ्र जाँच की मांग शामिल है। इसके अलावा मांग रखी गयी कि महिला रेसलरों की एफआईआर पर पुलिस की जाँच में आरोपियों के दोषी पाए जाने पर तय समय सीमा में केस का निर्णय हो। केंद्र सरकार महिला खिलाडियों, खेल संघों व खेल एकेडमियों से महिला खिलाडियों की समस्याओं पर चर्चा कर उचित दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि उनके साथ कोई यौन उत्पीड़न या भेदभाव की घटना न हो सके। सभी खेल संघों, खेल एकेडमियों में नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट कोड ऑफ़ इंडिया (एनएसएफ़) 2011 के अनुसार यौन उत्पीड़न की घटनाओं की शिकायत सुनने के लिए आंतरिक शिकायत समिति के गठन को अनिवार्य किया जाए। सभी खेल संघों, खेल एकेडमियों में नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट कोड ऑफ़ इंडिया (एनएसएफ़) के अनुसार अविलम्ब प्रबंध समिति का गठन हो।आंदोलन के दौरान खिलाड़ियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाए।
