
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले के शिक्षण संस्थानों में आपदा से बचाव और सुरक्षा की तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से प्रशासन ने ‘मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3’ के सफल संचालन की कवायद शुरू कर दी है। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आयोजित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह ने अधिकारियों को इस अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस अभियान के तहत जनपद के कुल 200 शिक्षण संस्थानों का चयन एवं सत्यापन किया जाएगा, जिनमें 100 माध्यमिक विद्यालय, 60 निजी विद्यालय तथा 40 सरकारी एवं गैर-सरकारी महाविद्यालय शामिल होंगे। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि चयनित संस्थान पूर्व में संचालित फेज-1 और फेज-2 से अलग हों। यदि माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से निर्धारित संख्या पूरी नहीं होती है, तो समिति की सहमति से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों को भी इसमें जोड़ा जाएगा। संस्थानों के चयन और समय-सारिणी जारी करने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को दी गई है।
जिला अस्पताल में दलालों पर सख्ती, अवैध वसूली करने वालों पर होगी एफआईआर
योजना के अनुसार, प्रत्येक चयनित संस्थान में 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की सहभागिता अनिवार्य होगी। इसके लिए 3 से 4 घंटे के विशेष प्रशिक्षण बैच तैयार किए जाएंगे। प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए विभिन्न विभागों की मास्टर ट्रेनर टीमें गठित की जा रही हैं। जिला अग्निशमन अधिकारी की टीम आग से बचाव और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का लाइव डेमो देगी, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और सीपीआर का प्रशिक्षण देगी। इसके अतिरिक्त, 82वीं बटालियन एनसीसी की टीम सुरक्षित निकासी, बचाव कार्य और मॉक ड्रिल में सहयोग करेगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की ओर से आपदा विशेषज्ञ, आपदा मित्र, सिविल डिफेंस और विषय विशेषज्ञ शिक्षक मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे। सत्र के दौरान भूकंप से बचाव, सुरक्षित स्थान की पहचान और आकाशीय बिजली से अलर्ट करने वाले ‘दामिनी ऐप’ के उपयोग की भी जानकारी दी जाएगी।
अभियान के तहत जिले के किसी बड़े कॉलेज या विद्यालय में 500 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ एक जिला स्तरीय मेगा इवेंट भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित करने की योजना है। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है। साथ ही, प्रत्येक संस्थान में प्रशिक्षण लेने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति, मोबाइल नंबर व फोटो एकत्र कर पीडीएफ और एक्सेल फॉर्मेट में एक डिजिटल डायरी तैयार की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, जिला सूचना अधिकारी नर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार और विजय कुमार यादव, परिवहन निगम से अनुज त्यागी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Post Views: 79












Total views : 459936