
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस विभाग से पधारे पुष्पेंद्र जी एवं उनके सहयोगी पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों, यातायात संकेतों और व्यावहारिक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को सड़क पार करने के सही तरीके, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग, ट्रैफिक लाइट और यातायात संकेतों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट की अनिवार्यता के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। इसके साथ ही निर्धारित आयु से पहले वाहन न चलाने, तेज गति से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और पैदल चलते समय फुटपाथ का उपयोग करने जैसे अहम बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर अनुशासन बनाए रखने तथा स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति भी एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की वायु तत्व प्रभारी दीपा धीमान जी द्वारा पुष्पेंद्र जी एवं उनके साथ आए यातायात पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक महोदय एड. सुघोष आर्य ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, साथ ही उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।











Total views : 459099