
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सद्गुरु के मार्गदर्शन में आयोजित ‘ईशा ग्रामोत्सवम्’ के 18वें संस्करण में मुजफ्फरनगर जनपद की दतियाना सुपर किंग टीम ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रचा है। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को समर्पित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दतियाना की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और मजबूत टीम भावना के बल पर पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता का सफर 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित मुजफ्फरनगर क्लस्टर मुकाबलों से शुरू हुआ, जहां दतियाना सुपर किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद क्लस्टर की शीर्ष टीमों, दतियाना और हरसौली, को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए भेजा गया।
16 अगस्त को लखनऊ में हुए फाइनल दौर में दतियाना सुपर किंग ने अन्य चार क्लस्टरों से आई दिग्गजों को कड़ी शिकस्त दी और उत्तर प्रदेश की चैंपियन बनी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद दतियाना सुपर किंग की टीम अब 6 सितंबर को कोयम्बटूर (तमिलनाडु) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
विजेता टीम के खिलाड़ी विजुल कुमार, लक्ष चौधरी, आर्यन कुमार, प्रियांशु, अंशुल, वंश कुमार, अभिनव कुमार, सार्थक चौधरी, वंश और विशाल के योगदान को देखते हुए लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय एवं अयोध्या के ब्लॉक प्रमुख शिवेन्द्र सिंह द्वारा उन्हें ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्थानीय खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों के साथ-साथ आयोजन को सफल बनाने वाले वॉलेन्टियर्स की निष्ठा और मेहनत की सराहना की है। अब पूरे जिले की निगाहें 6 सितंबर को कोयम्बटूर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां मुजफ्फरनगर की यह ग्रामीण प्रतिभा देश भर से आई टीमों के बीच राष्ट्रीय खिताब के लिए मैदान में उतरेगी।
Post Views: 90













Total views : 399678