
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार 15 घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। भारी वर्षा के चलते शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
बारिश का सबसे अधिक असर शहर के व्यापारिक क्षेत्रों पर देखने को मिला। कई प्रमुख बाजारों में सड़कों पर पानी भर जाने के कारण अधिकांश दुकानें दिनभर बंद रहीं। व्यापारियों ने जलभराव और ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने के चलते प्रतिष्ठान नहीं खोले, जिससे कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
लगातार बारिश के कारण लोगों ने भी अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में बेहद कम आवाजाही दिखाई दी। कई स्थानों पर जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। पूरे दिन रुक-रुक कर होती तेज बारिश और जलभराव के कारण गुरुवार को मुजफ्फरनगर में सामान्य जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियां लगभग ठप रहीं।
Post Views: 809













Total views : 367465