
अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, सचिव दीपक सिंघल और कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने संभाला कार्यभार
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: स्थानीय जनपद के प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन रोटरी क्लब मुज़फ़्फ़रनगर मिडटाउन के नवीन कार्यकाल का इंस्टॉलेशन समारोह यहाँ एक स्थानीय वैंकविट हॉल में अत्यंत गरिमामय, भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी डिस्ट्रिक्ट (DG-2026-27) की नवनिर्वाचित गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआरएफसी रोटेरियन सागर शर्मा उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।


विधिवत हुआ कॉलर ट्रांसफर, नई टीम को सौंपी कमान
समारोह के मुख्य आकर्षण ‘कॉलर ट्रांसफर’ रस्म के तहत निवर्तमान टीम ने नई कार्यकारिणी को क्लब की कमान सौंपी। पूर्व अध्यक्ष रो० सुशोभ बिंदल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजकुमार गुप्ता (एडवोकेट) को, पूर्व सचिव गौरव गोयल ने नए सचिव रोटेरियन दीपक सिंघल को तथा निवर्तमान कोषाध्यक्ष दीपक सिंघल ने नव नियुक्त कोषाध्यक्ष रोटेरियन राजीव गुप्ता को रोटरी कॉलर और पिन पहनाकर विधिवत पदभार ग्रहण कराया। मुख्य अतिथि रो० पायल गौड़ ने पूरी नई टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य को समर्पित रहेगा नया साल: राजकुमार गुप्ता
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने प्रथम अध्यक्षीय संबोधन में रोटेरियन राजकुमार गुप्ता (एडवोकेट) ने क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी वर्ष की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि हमारा क्लब इस वर्ष सेवा, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी प्रकल्पों को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारेगा। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना और रोटरी मिडटाउन की पहचान को नई ऊंचाइयों पर ले जाना ही हमारा एकमात्र संकल्प है।
सदस्यता और सेवा में हमेशा अग्रणी रहता है मिडटाउन: पायल गौड़
अपने अभिभाषण में जिला गवर्नर रो० पायल गौड़ ने मुज़फ़्फ़रनगर मिडटाउन क्लब की पीठ थपथपाते हुए कहा कि चाहे नए सदस्यों को जोड़ना हो या समाज सेवा के बड़े प्रोजेक्ट, यह क्लब हमेशा डिस्ट्रिक्ट में अग्रणी भूमिका निभाता है। ऐसे ऊर्जावान क्लब का अध्यक्ष होना बेहद गौरव की बात है। वहीं विशिष्ट अतिथि डीआरएफसी रो० सागर शर्मा ने क्लब के सेवा भाव की सराहना की और रोटरी फाउंडेशन के महत्व पर प्रकाश डाला।
रोटरी फंड में नए सदस्यों का स्वागत
समारोह के दौरान क्लब के वरिष्ठ सदस्यों सीए प्रगति कुमार, भुवनेश गुप्ता और उमेश गोयल को अंतरराष्ट्रीय रोटरी फंड में $1,000 (एक हजार डॉलर) का अनुकरणीय योगदान देने के लिए विशिष्ट अतिथि सागर शर्मा द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, क्लब के कुनबे को बढ़ाते हुए तीन नए सदस्यों डॉक्टर अभिषेक अग्रवाल, अपूर्व गर्ग एवं रो० सतांशु अग्रवाल को रोटरी लेबल पिन पहनाकर आधिकारिक रूप से रोटरी परिवार में शामिल किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति और कुशल संचालन
इस भव्य समारोह का मंच संचालन कौशल कृष्ण, विनय सिंघल एवं विपुल भटनागर की त्रिमूर्ति ने बेहद प्रभावी और शेरो-शायरी के साथ अनूठे ढंग से किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से रोटेरियन उमेश गोयल, रोटेरियन आकाश बंसल, भुवनेश गुप्ता, रोटेरियन राजेश मित्तल, प्रशांत गुप्ता, राहुल सिंघल, अभय गुप्ता, सुनील अग्रवाल एवं रोटेरियन प्रगति कुमार सहित शहर के कई गणमान्य चिकित्सक, उद्यमी, अधिवक्ता और क्लब के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नए सचिव दीपक सिंघल द्वारा सभी आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ सभा के समापन की घोषणा हुई।











Total views : 365710