
लोकपथ लाइव, गढ़मुक्तेश्वर। डीएम कविता मीना ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का गहन आकलन किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षिक प्रगति, विद्यालय के वातावरण एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।


निरीक्षण के दौरान शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया। कक्षाओं में संचालित अध्यापन कार्य का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों की कॉपी-किताबें देखी गईं तथा उनकी बेसिक साक्षरता एवं सीखने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया।

विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया गया, जहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की उपलब्धता तथा बच्चों को भोजन परोसने की व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों से सीधे बातचीत कर भोजन के स्वाद और गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक भी लिया।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में पेयजल, शौचालय, कक्षा-कक्षों एवं फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान निपुण भारत मिशन, स्कूल चलो अभियान, यूनिफॉर्म एवं जूता वितरण तथा कायाकल्प योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के अंत में डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।












Total views : 363705