
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। रामपुर तिराहा स्थित स्वामी कल्याण देव राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय में आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में जल्द ही जांच मशीनों का दायरा और बढ़ने जा रहा है। संस्थान की ओर से ‘एचबी-1एसी’ (HbA1c) मशीन के लिए उच्चाधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं को डिमांड भेजी गई है। इस आधुनिक मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह शरीर में शुगर (मधुमेह) की बीमारी पैर पसारने से पहले ही उसके पुख्ता संकेत दे देती है, जिससे समय रहते बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
स्वामी कल्याण देव आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय में बुनियादी और चिकित्सकीय सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। शासन द्वारा जारी बजट के साथ-साथ तैनात प्राचार्यों के व्यक्तिगत प्रयासों से सामाजिक संस्थाएं भी लगातार अपना सहयोग दे रही हैं। चिकित्सालय में पूर्व से स्थापित दो अत्याधुनिक मशीनें वर्तमान में क्षेत्र के मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इन मशीनों की बदौलत मरीजों को जांच कराने के महज कुछ घंटों बाद ही सटीक रिपोर्ट मिल जाती है, जिससे उनका इलाज तुरंत शुरू हो पाता है। वर्तमान में यहाँ रोजाना 200 से 250 टेस्ट किए जा रहे हैं।
कॉलेज की प्राचार्य प्रो. विनीता त्यागी ने बताया कि पैथोलॉजी लैब में सीरम, खून और कोलेस्ट्रॉल आदि की जांच की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध है। फिलहाल यहाँ ‘बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर’ और ‘हेमेटोलॉजी एनालाइजर’ मशीनें सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। इन दोनों मशीनों के माध्यम से मरीजों को सीबीसी (कम्प्लीट ब्लड काउंट), केएफटी (किडनी फंक्शन टेस्ट), एलएफटी (लीवर जांच), ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और विभिन्न प्रकार के इन्फेक्शन की जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल रही है। अब नई एचबी-1एसी मशीन आने से पैथोलॉजी विभाग और अधिक सुदृढ़ हो जाएगा।
Post Views: 69












Total views : 363077