
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को निःशुल्क मासिक नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें कुल 96 रोगियों ने अपनी आँखों की जाँच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर का शुभारंभ एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल ने किया। इस दौरान एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के उपाध्यक्ष विनीत सिंघल और कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रांगण में प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग द्वारा सभी अतिथियों, डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों का स्वागत किया गया।
प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने बताया कि विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस लाल गोयल एवं स्वर्गीय विमलावती देवी की पावन स्मृति में प्रत्येक माह के चौथे रविवार को वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी के सहयोग से इस विराट चिकित्सा कैंप का आयोजन पिछले कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। शिविर में वरदान नेत्र चिकित्सालय की वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने सभी 96 मरीजों के नेत्रों का गहन परीक्षण किया और उन्हें उचित परामर्श देने के साथ ही आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। जाँच के दौरान 16 रोगियों की आँखों में मोतियाबिंद की शिकायत पाए जाने पर उन्हें स्वेच्छा से निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
गर्ग ने आगे बताया कि कैंप में चयनित मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा। इस अवसर पर पिछले शिविर में ऑपरेशन करा चुके कुछ मरीजों को एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री सतीश चंद गोयल द्वारा चश्मे और जरूरी दवाइयां भी बांटी गईं। आँखों की रोशनी वापस लौटने पर मरीजों ने प्रबंधन और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।
संस्थान द्वारा घोषणा की गई कि आगामी नेत्र चिकित्सा शिविर 26 जुलाई, 2026 को सुबह 10 बजे से इसी परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में एम.जी. वर्ल्ड विजन स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनन्त, शिवचरण दास गर्ग, योगेन्द्र जैन सहित विद्यालय स्टाफ से रितु शर्मा, कविता रावल, पूजा शर्मा, वारिका, कामिनी, राजीव शर्मा, सुरेश रौतेला, अवनीश और विपिन जैन का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।
Post Views: 90













Total views : 354585