
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिकेश यादव ने बुढ़ाना स्थित डी.ए.वी. इंटर कॉलेज में प्रबंध समिति की समयावधि समाप्त होने के बाद वित्तीय संकट और वेतन संबंधी दिक्कतों को टालने के लिए बड़ा कदम उठाया है। डीआईओएस ने शासकीय शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यालय के वेतन खाते के एकल संचालन (सिंगल हैंड ऑपरेशन) का आदेश जारी कर दिया है। अब इस खाते का नियंत्रण पूरी तरह प्रशासनिक हाथों में आ गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने बताया कि डी.ए.वी. इण्टर कालेज, बुढाना, जनपद मुजफ्फरनगर इण्टरमीडिएट स्तर तक सरकार द्वारा सहायता प्राप्त एक प्रतिष्ठित माध्यमिक विद्यालय है। इस शिक्षण संस्थान में उत्तर प्रदेश इण्टरमीडिएट एजूकेशन एक्ट-1921 और वेतन वितरण अधिनियम 1921 के सभी विधिक प्राविधान प्रभावी रूप से लागू होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त विद्यालय की प्रबंध समिति का पिछला चुनाव 6 मार्च 2021 को मान्य घोषित किया गया था। विद्यालय की संशोधित प्रशासन योजना के बिंदु संख्या-3 के उपबिन्दु-8 के प्राविधानानुसार प्रबंध समिति का कुल कार्यकाल पांच वर्ष तीस दिन का निर्धारित था, जो कि तकनीकी रूप से गत 4 अप्रैल 2026 को ही पूर्ण हो चुका है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर विद्यालय की नई प्रबंध समिति का गठन न होने के कारण पुरानी समिति 4 अप्रैल 2026 से स्वतः ही कालातीत (टाइम-बार्ड) हो गई है।
डीआईओएस का कहना है कि विद्यालय में वर्तमान में कार्यरत सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को वेतन का भुगतान माध्यमिक शिक्षा अधिनियम 1971 के सुसंगत प्राविधानों के अन्तर्गत किया जाता है। समिति के कालातीत होने की स्थिति में कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कोई विधिक अड़चन न आए, इसे ध्यान में रखते हुए वेतन वितरण अधिनियम 1971 की धारा-5 के अन्तर्गत तत्काल प्रभाव से वेतन वितरण खाते का एकल संचालन करने का निर्णय लिया गया है। इस नए आदेश के तहत उक्त वेतन वितरण खाते का संपूर्ण संचालन अब वित्त एवं लेखाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा किया जायेगा, जिससे कर्मचारियों को समय पर पारदर्शी तरीके से वेतन मिल सके।
Post Views: 157













Total views : 403730