
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश (लखनऊ) की आयुक्त तथा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के सख्त आदेशों के अनुपालन में आज जनपद में एक बड़ा अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय अर्चना धीरान के कुशल नेतृत्व में मुख्य रूप से दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की शुद्धता जांचने के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों से कुल 5 विधिक नमूने संग्रहित किए हैं, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य विधिक टीम ने बुढ़ाना के सथेड़ी रोड स्थित बायवाला चौक पर संचालित ‘हरित प्रदेश मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड’ से मिश्रित दूध का एक विधिक नमूना लिया। इसके बाद टीम ने करबला रोड, बुढ़ाना स्थित ‘मैसर्स अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर’ पर छापा मारकर वहां से खाद्य पदार्थ घी का एक विधिक नमूना भरा। विभाग की इस त्वरित और औचक कार्रवाई से क्षेत्र के डेयरी संचालकों में खलबली मची रही।
उमेश डेरी पर बड़ी कार्रवाई, 90 किलो संदिग्ध घी सीज: इसी कड़ी में जांच टीम बढेड़ी स्थित ‘उमेश डेरी’ की पनीर निर्माण इकाई पर पहुंची। यहां सघन चेकिंग करते हुए अधिकारियों ने पनीर और घी के 02 विधिक नमूने अपनी कस्टडी में लिए। इसके अलावा, डेयरी की निर्माण इकाई में भारी अनियमितता पाते हुए वहां भंडारित किया गया लगभग 90 किलोग्राम संदिग्ध घी, जिसकी अनुमानित कीमत 67,500 रुपये आंकी गई है, को नियमानुसार मौके पर ही सीज कर दिया गया। सीज किए गए इस माल को फिलहाल विधिक प्रक्रिया के तहत खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में दे दिया गया है। इसके बाद टीम ने ग्राम पुरबालियान स्थित ‘सुहान डेयरी’ का रुख किया और वहां से भी मिश्रित दूध का एक विधिक नमूना संकलित किया।
सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने बताया कि सभी एकत्रित नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, और रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से बेहद सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आज के इस सफल व प्रभावी छापामार अभियान में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, सुनील कुमार, वैभव शर्मा एवं पूनम कुमारी पूरी मुस्तैदी के साथ सम्मिलित रहे।
Post Views: 136













Total views : 345838