Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » लेखपाल भर्ती परीक्षा में नकल पर मुजफ्फरनगर के कालेज में हंगामा

लेखपाल भर्ती परीक्षा में नकल पर मुजफ्फरनगर के कालेज में हंगामा

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा के दौरान गुरुवार को नई मंडी स्थित द्वीपचंद्र ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज में नकल को लेकर भारी हंगामा हो गया। हापुड़ से आए अभ्यर्थियों ने केंद्र पर एक परीक्षार्थी को मोबाइल और पर्चियों से नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़े जाने और उसे कॉलेज प्रशासन द्वारा संरक्षण दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। परीक्षा छूटते ही कॉलेज के मुख्य द्वार पर दर्जनों परीक्षार्थियों ने जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम प्रशासन ने आनन-फानन में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सीओ से रिपोर्ट तलब की है, वहीं बदनामी के डर से केंद्र प्रभारी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

 

जनपद के 15 केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस परीक्षा के दौरान द्वीपचंद्र ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज के कमरा नंबर 23 में यह पूरा घटनाक्रम हुआ। इसी कमरे में परीक्षा दे रहे हापुड़ के अभ्यर्थी विवान व अन्य छात्रों ने बताया कि कक्ष में ड्यूटी पर तैनात शिक्षक सुनील कुमार गौड़ और रूबी ने एक अभ्यर्थी को पैर के बीच मोबाइल और पर्चियां छिपाकर नकल करते हुए देखा था। आरोप है कि जब शिक्षक इस बात की  शिकायत करने प्रधानाचार्य कक्ष की ओर बढ़े, तो आरोपी अभ्यर्थी भी उनके पीछे-पीछे पहुंच गया और माफी मांगने लगा। परीक्षार्थियों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने मामले को रफा-दफा करते हुए कुछ ही देर बाद उक्त अभ्यर्थी को वापस परीक्षा कक्ष में बैठा दिया और उसे पेपर पूरा करने की अनुमति दे दी।
इस कथित धांधली से आक्रोशित छात्रों ने परीक्षा खत्म होते ही कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में अभ्यर्थी साफ तौर पर कॉलेज प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। छात्रों ने रोष जताते हुए कहा कि वे इस पूरी धांधली की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री (सीएम) पोर्टल पर साक्ष्यों के साथ करेंगे ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। दूसरी ओर, जैसे ही केंद्र पर हंगामे और नकल की बात बाहर फैली, विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मीडिया और अधिकारियों के सवालों से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया, जिससे संदेह और गहरा गया है। हालांकि, जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
“सीसीटीवी फुटेज में नकल के तथ्य नहीं मिले, हंगामा महज़ अफवाह” : संजय कुमार (एडीएम प्रशासन)
लेखपाल भर्ती परीक्षा के नोडल अधिकारी व एडीएम प्रशासन संजय कुमार ने बताया, “द्वीपचंद्र ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज में नकल की प्रारंभिक जानकारी मिलते ही तुरंत सेक्टर मजिस्ट्रेट अमित रस्तोगी और सीओ नई मंडी राजू कुमार साव को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई थी। दोनों अधिकारियों ने केंद्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और आंतरिक व्यवस्था की गहनता से जांच की है, जिसमें फिलहाल नकल का कोई भी ठोस तथ्य प्रकाश में नहीं आया है। ऐसा प्रतीत होता है कि गेट पर हुआ हंगामा और नकल की बातें महज़ एक अफवाह हैं, फिर भी शुचिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है।”

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 4 5 9 8 4
Total views : 403680

Follow us on