
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद की होनहार बेटी और शारदेन स्कूल की छात्रा आरिका गौर ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। सीबीएसई (CBSE) द्वारा आयोजित ‘इंग्लिश रीडिंग चैलेंज 2025-26’ में आरिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन सूची में अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि मुजफ्फरनगर जिले से चयनित होने वाली वह एकमात्र छात्रा हैं।


देहरादून क्षेत्र में हासिल किया विशिष्ट स्थान: आरिका गौर ने न केवल जिले बल्कि पूरे मंडल का मान बढ़ाया है। वह देहरादून क्षेत्र (Dehradun Region) से चयनित होने वाले कुल दो विद्यार्थियों में शामिल हैं। कक्षा 9 की छात्रा आरिका की इस सफलता से स्कूल और उनके परिवार में खुशी की लहर है।

शैक्षणिक विकास की ओर सीबीएसई की पहल: शारदेन स्कूल के निदेशक विश्वरत्न ने बताया कि सीबीएसई ने रीडिंग चैलेंज 2025-26 का आयोजन अगस्त से अक्टूबर 2025 के बीच किया था। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में आजीवन पढ़ने की रुचि जागृत करना और उनके भाषाई व व्यक्तिगत विकास के कौशलों को मजबूत करना था।
कड़े मुकाबले में पाई सफलता: इस चैलेंज में कक्षा 6 से 10 तक के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था। आरिका गौर ने अपनी एकाग्रता और पढ़ने के कौशल का शानदार परिचय देते हुए इस कड़े मुकाबले में सफलता हासिल की। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने आरिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।












Total views : 266865