
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। विकास क्षेत्र सदर के ग्राम वहलना स्थित कम्पोजिट विद्यालय के प्रांगण में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश कुमार और सीडीओ कमल किशोर कांडारकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना और मनमोहक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।


राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर ज्यादा से ज्यादा नामांकन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पीएम श्री स्कूलों में कौशल विकास के माध्यम से बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाए।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि बच्चों को स्कूल तक लाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग व अन्य शैक्षिक सामग्री भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और सर्वाधिक नामांकन करने वाले 20-20 शिक्षकों को शॉल व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बीएसए संदीप कुमार और प्रधानाध्यापिका वंदना बालियान ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एसआरजी और भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।











Total views : 262574