
सुबह की चाय से पहले ही मौत ने दी दस्तक, संकरी गलियों ने बढ़ाई मुश्किल
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली का पालम इलाका बुधवार की सुबह चीख-पुकार से दहल उठा। यहाँ के साध नगर में स्थित एक चार मंजिला आवासीय सह-व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ लील लीं। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 3 मासूम बच्चों सहित परिवार के कुल 7 लोगों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि दम घुटने और जलने के कारण लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।


बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित राजेंद्र कश्यप की कॉस्मेटिक और अन्य सामानों की दुकान में शॉर्ट सर्किट हुआ। चूंकि नीचे ज्वलनशील सामान (कॉस्मेटिक, इत्र आदि) रखा था, इसलिए आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। सीढ़ियों के रास्ते धुआं ऊपर की मंजिलों तक पहुँच गया, जहां परिवार के लगभग 15 से 17 सदस्य सो रहे थे। इस हादसे में 3 मासूम बच्चों सहित परिवार के कुल 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई बुरी तरह झुलस गये। घायलों का इलाज पालम के दिव्य प्रस्थ अस्पताल में चल रहा है। इलाका संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुँचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

देवदूत बने पड़ोसी: दीवार तोड़कर बचाई कई जानें
हादसे के समय पड़ोसियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पड़ोसी योगेश शर्मा ने बताया कि उनके बेटे ने सुबह 6:40 बजे फोन कर आग की सूचना दी। योगेश और अन्य लोगों ने तुरंत 102 नंबर पर कॉल किया और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। हमने बगल वाले मकान की छत से जाकर दीवार तोड़ी। आग इतनी तेज थी कि अंदर घुसना नामुमकिन था। दीवार तोड़ने की इस प्रक्रिया में करीब दो घंटे लगे। जान बचाने की जद्दोजहद में कुछ लोग दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। एक साल के मासूम को भी इसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा गया, लेकिन परिवार के सात अन्य सदस्य धुएं के जाल में फंस गए।
संकरी गलियों ने राहत कार्य में डाली रुकावट
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुँचीं, लेकिन साध नगर की संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों के कारण एंबुलेंस और फायर टेंडर को मुख्य द्वार तक पहुँचने में काफी परेशानी हुई। तीन एंबुलेंस तो मौके तक पहुँच गईं, लेकिन बाकी को काफी दूर खड़ा करना पड़ा। फिलहाल तीन घायलों का उपचार पालम के दिव्य प्रस्थ अस्पताल में चल रहा है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है ताकि आग लगने के पुख्ता कारणों का पता चल सके। पूरे क्षेत्र में इस समय मातम का माहौल है और स्थानीय निवासी सुरक्षा मानकों एवं बिजली की जर्जर लाइनों पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के सटीक कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का पता लगाया जा सके।










Total views : 246779