
बाल्टी के पानी से फर्श तक फैला था करेंट
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: कड़ाके की सर्दी में बाल्टी में पानी गर्म करने के लिए इलेक्ट्रिक रॉड लगाना एक परिवार के लिए उस समय काल बन गया, जब मुजफ्फरनगर शहर में करेन्ट की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गई।


घटना के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी की गली नंबर तीन में बुधवार की सुबह अचानक दो सगी बहनों की करन्ट लगने से दर्दनाक मौत के बाद पूरे मौहल्ले में चीख पुकार मचने लगी और पूरे मौहल्ले में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने वाले विनोद पाल की बड़ी बेटी 24 वर्षीय निधि नहाने के लिए गर्म पानी कर रही थी। उसने बाल्टी में पानी गर्म करने के लिए रॉड डाली थी। बाल्टी में छेद होने के कारण पानी बाहर फर्श पर फैल गया। जैसे ही निधि बाल्टी उठाने लगी, उसका पैर फर्श पर फैले पानी पर पड़ा, जिसमें करंट आ गया था। करंट लगते ही वह गिर पड़ी, जिसे बचाने के लिए आई छोटी बहन 22 वर्षीय लक्ष्मी भी करंट की चपेट में आ गई, जहां दोनों बहनें काल का ग्रास बन गई। परिवार के लोग और आसपास के निवासी उन्हें अस्पताल लेकर भागे, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इस घटना को लेकर किसी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। दोनों बहनों के शवों को घर लाकर परिवार ने अंतिम संस्कार किया गया।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल भी मौके पर पंहुचे और परिजनों से मिलकर उन्हें संवेदना दी। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। स्थानीय सभासद रजत धीमान ने भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि मृतका निधि बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी और लक्ष्मी भी पढ़ाई कर रही थी। दोनों बहनों की उज्ज्वल भविष्य की राह अचानक ही इस दर्दनाक हादसे ने छीन ली।











Total views : 238338