लोकसभा चुनाव: पांचवे चरण में हुआ 60.09 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा और महाराष्ट्र में सबसे कम पड़े वोट


जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट पर टूटा 35 साल का रिकार्ड, हुआ 56.73 फीसदी मतदान
नौ केंद्रीय मंत्रियों व एक पूर्व सीएम का सियासी भविष्य ईवीएम में हुआ कैद
आठ राज्यों की 49 सीटो पर 695 उम्मीदवारों के सामने था 8.96 करोड़ मतदाताओं का चक्रव्यूह
LP Live, New Delhi: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 49 संसदीय सीटों के लिए 60.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सबसे अधिक पश्चिम बंगाल में 74.65 प्रतिशत और सबसे कम महाराष्ट्र में 54.29 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चुनाव में केंद्र सरकार के नौ मंत्रियों के अलावा कई पूर्व मंत्रियों और एक पूर्व मुख्यमंत्री की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है।
किस राज्य में कितना हुआ मतदान
लोकसभा के पांच चरण में 49 सीटों पर मतदान संपन्न होते ही लोकसभा की 543 में से 429 सीटों पर चुनाव हो चुका है। सोमवार को पांचवे चरण में आठ राज्यों की इन सीटों पर हुए चुनाव में 60.09 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें बिहार में 54.85 प्रतिशत, जम्मू और कश्मीर में 56.73 प्रतिशत, झारखंड में 63.07 प्रतिशत, लद्दाख में 69.62 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 54.29 प्रतिशत, ओडिशा में 67.59 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 57.79 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 74.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह मतदान पिछले चार चरणों में हुए मतदान से बेहद कम है। पहले चरण में 66.14, दूसरे चरण में 66.71, तीसरे चरण में 65.68 तथा चौथे चरण में 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
इन केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत हुई कैद
पांचवे चरण के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट से केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मोहनलालगंज से केंद्रीय आवासीय राज्यमंत्री कौशल किशोर, अमेठी लोकसभा सीट से केंद्रीय अल्पसंख्यक तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, जालौन सीट से केंद्रयी एमएसएमई राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा, फतेहपुर सीट से वाणिज्य, खाद्य व सार्वजनिक वितरण मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के अलावा महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ सीट से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, कपड़ा मंत्री तथा राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल व डिंडोरी से केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पवार, झारखंड की कोडरमा सीट से केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री अन्नापूर्णा देवी तथा पश्चिम बंगाल की बनगांव सीट से केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री शांतानु ठाकुर का सियासी भविष्य ईवीएम में कैद हो चुका है। वहीं जम्मू कश्मीर की बारामूला लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुला सियासी प्रतिष्ठा तय हो चुकी है, तो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों में ओडिशा की सुंदरगढ सीट से जुएल ओराम, बिहार की सारण सीट से राजीव प्रताप रूडी और झांसी से कांग्रेस के प्रदीप जैन की किस्मत को भी मतदाताओं ने ईवीएम में कैद कर दिया है।

राहुल गांधी समेत इन दिग्गजों की भी अग्नि परीक्षा
इस चरण में कांग्रेस के दिग्गज राहुल गांधी और योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर आमने सामने हैं, तो वहीं ओडिशा की सुंदरगढ़ सीट पर भाजपा के पूर्व मंत्री जुएल ओराम और पूर्व हॉकी खिलाड़ी एवं राज्यसभा सांसद दिलीप टिर्की के बीच मुकाबला हुआ। बिहार की हाजीपुर सीट पर लोजपा के चिराग पासवान, पश्चिम बंगाल की श्रीरामपुर सीट पर टीएमसी के कल्याण बनर्जी तथा मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट पर आतंकी कसाब को फांसी दिलाने वाले एवं भाजपा प्रत्याशी अधिवक्ता उज्जवल निकम के अलावा लालू यादव के बेटी रोहिणी आचार्य की बिहार की सारण सीट पर पूर्व मंत्री राजीव प्रताप रुडी के बीच सीधा मुकाबला भी ईवीएम में कैद हो चुका है।
यूपी में 14 सीटों पर हुआ मतदान
पांचवे चरण में 21 जिलों की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा लोकसभा सीट शामिल है। इस चरण में कुल 2,71,36,363 वोटर पंजीकृत थे, जिसमें 1,44,05,097 पुरूष, 1,27,30,186 महिला और 1,080 थर्डजेण्डर मतदाता शामिल हैं। लखनऊ में कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 21 लाख 72 हजार 171 मतदाता हैं, जिनमें 11,48,119 पुरूष, 10,23,960 महिला व 92 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1895 है। वहीं मोहनलालगंज में कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 21,87,232 मतदाता हैं, जिनमें 11,60,743 पुरूष, 10,26,419 महिला व 70 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2262 है। इस चरण की 49 लोकसभा सीटों के लिए सोमवार को होने वाले मतदान में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाताओं में 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिला और 5409 तृतीय लिंग मतदाता को वोटिंग करने का अधिकार था।
