
जनपद से एक मरीज को नोएडा भेजा गया, स्वाइन फ्लू के संक्रमण से मचा हडकंप
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू (H1N1 वायरस) के नौ मरीजों में संक्रमण पाए जाने की पुष्टि की है, जिनमें से एक मरीज को नोएडा भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग में इस खतरनाक वायरस की दस्तक से हडकंप मच गया है। सीएमओ ने निगरानी के लिए चिकित्सकों की टीमें गठित करने की मुहिम शुरु कर दी है। संक्रमण फैलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में अलर्ट कर किया है और निगरानी के लिए व्यवस्था को अंजाम देना शुरु कर दिया।


मुज़फ्फरनगर जनपद में स्वाइन फ्लू की दस्तक ने स्वास्थ्य अधिकारियों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। नौ मरीजों में इसके संक्रमण की पुष्टि होते ही हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया। विभाग के अनुसार संक्रमित पाए गए नौ मरीजों में से आठ की स्थिति फिलहाल सामान्य है। उन्हें चिकित्सकों की सख्त निगरानी में घर पर ही (होम आइसोलेशन) उपचार दिया जा रहा है। वहीं, एक मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भेजा गया है।

शहर में सबसे ज्यादा चार मरीजों में संक्रमण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के अनुसार, स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा चार मामले शहर में है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस संक्रमण से ग्रस्त मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि खतौली ब्लॉक में 02 मरीज, सदर, मोरना और जानसठ ब्लॉक में 01- 01 मरीज में स्वाइन फ्लू के संक्रमण पाए गये हैं। जिले में एक साथ इतने मामले सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में सैंपलिंग और सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं विभाग ने निगरानी बढ़ाने के लिए चिकित्सकों के दलों को अपने अपने क्षेत्र में सक्रीय रहने को कहा है।
जिले में तैनात हुई रैपिड रिस्पॉन्स टीम
मामला संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीमें हरकत में आ गई हैं। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सभी संक्रमित मरीजों के निवास स्थान पर स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया है, जो मरीजों के स्वास्थ्य का नियमित अपडेट ले रही हैं। इसके अतिरिक्त, मरीजों के संपर्क में आए परिजनों और अन्य लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि यदि किसी भी व्यक्ति में सर्दी, जुकाम, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर डॉक्टरी सलाह लें। ज्यादातर मरीजों का स्वास्थ्य ठीक है और वे रिकवर कर रहे हैं। घबराने या पैनिक होने की कोई बात नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है और संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव के उपाय?
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतें:
प्रमुख लक्षण: तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में तेज दर्द, सिरदर्द और सांस लेने में कठिनाई।
बचाव के तरीके: भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग करें, बार-बार साबुन से हाथ धोएं, संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाकर रखें और लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लें।











Total views : 407187