
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। भारतीय पाक कला की समृद्ध विविधता और पारंपरिक स्वाद को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में सोमवार को वर्ष का सबसे बड़ा कुकिंग इवेंट आयोजित किया गया। होटल ओमेगा में ‘केएमसीसी’ और ‘फ्लेवर्स ऑफ होमशेफ’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक ‘रायता महोत्सव’ में देश के अलग-अलग कोनों से पहुंचे 100 से अधिक शेफ, फूड इन्फ्लुएंसर और क्रिएटर्स ने शिरकत की।
इस भव्य आयोजन में मात्र 1 मिनट 45 सेकंड (105 सेकंड) में 5 अलग-अलग प्रकार के रायते तैयार कर एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम का एक और बड़ा आकर्षण 30 मास्टर शेफ और 70 होम शेफ द्वारा महज आधे घंटे की समयावधि में एक ही स्थान पर 500 विभिन्न प्रकार के रायते तैयार करना रहा।
‘लंदन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ कीर्तिमान, महिला समिति ने संभाली कमान
इस अभूतपूर्व आयोजन में निर्णायक (जज) की भूमिका निभाने के लिए पुणे से ‘लंदन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ के इंटरनेशनल चेयरमैन डॉ. अविनाश धनंजय सुकनडे विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने पूरे इवेंट का बारीकी से निरीक्षण किया। रिकॉर्ड दर्ज होने के बाद डॉ. सुकनडे ने सभी प्रतिभागी मास्टर शेफ्स को आधिकारिक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। निष्पक्षता और प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए पूरे कार्यक्रम की डिजिटल रिकॉर्डिंग और जरूरी साक्ष्य सुरक्षित किए गए।
पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन महिला आयोजन समिति के नेतृत्व में हुआ। मुख्य समन्वयक वर्षा गर्ग के साथ सेलिब्रिटी मास्टरशेफ कविता सिंह, प्रोफेसर दीपा चावला, शेफ पारुल अग्रवाल और लाड्डी कौर ने तैयारियों से लेकर व्यवस्थाओं तक का पूरा जिम्मा संभाला।
देश के प्रमुख शहरों से जुटे मास्टर शेफ, दिखी भारत की सांस्कृतिक झलक
समन्वयक वर्षा गर्ग ने बताया कि इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध पाक विरासत और क्षेत्रीय स्वादों को दुनिया के सामने नए अंदाज में पेश करना है। प्रतियोगिता के दौरान मराठी, बुंदेलखंडी, वेस्ट यूपी सहित देश के कई राज्यों के पारंपरिक और आधुनिक मसालों का संगम रायतों में देखने को मिला।
कार्यक्रम का मंच संचालन सलोनी रस्तोगी ने किया। इस दौरान जयपुर, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पुणे और बैंगलोर जैसे महानगरों से आए मास्टर शेफ अदवित शुक्ला, अजय सूद, आकांक्षा माथुर, अमित ढोंडियाल, अमिताभ दत्त और अंजना गोयल समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
Post Views: 67













Total views : 419084