उत्तर प्रदेशदेशराजनीति

लोकसभा चुनाव: अमेठी में स्मृति ईरानी के सामने नहीं आया गांधी परिवार

इस बार राहुल गांधी नहीं, सोनिया का पीए देगा भाजपा को चुनौती

LP Live, New Delhi: उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट जिसे नेहरु-गांधी परिवार का सियासी गढ़ माना जाता है, जहां पांचवे चरण में 20 मई को मतदान होगा। पिछले चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी के सामने राहुल गांधी की हुई हार की वजह से इस बार यहां पहली बार गांधी परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव मैदान में नहीं उतरा, बल्कि गांधी परिवार ने कांग्रेस की सियासी विरासत बचाने के लिए सोनिया गांधी के प्रतिनिध किशोरीलाल शर्मा को प्रत्याशी बनाया है, जिसके लिए केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को इस सियासी मैदान में चुनौती देना आसान नहीं है। स्मृति ईरानी के हाथो पराजित राहुल गांधी अमेठी सीट छोड़कर इस बार भी वायनाड और दूसरी रायबरेली सीट से चुनाव मैदान में हैं। हालांकि यहां इस बार भी भाजपा और कांग्रेस के बीच ही चुनावी जंग मानी जा रही है।

अमेठी लोकसभा क्षेत्र को भी रायबरेली की तरह नेहरू-गांधी परिवार की परंपरागत सीट के रुप में माना जाता रहा है। दरअसल इस सीट से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु के नाती संजय गांधी व राजीव गांधी के अलावा राजीव गांधी की पत्नी सोनिया गांधी और पुत्र राहुल गांधी ने चुनाव जीत चुके हैं। यह पहला मौका है कि गांधी परिवार का कोई सदस्य यहां चुनाव मैदान में नहीं है। भाजपा ने एक बार फिर यहां से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को प्रत्याशी बनाकर इस सीट के सियासी समीकरण बदलने की रणनीति तैयार की है। इस सीट पर भाजपा व कांग्रेस के अलवा बसपा ने नन्हे सिंह चौहान को चुनाव मैदान में उतारा है, जहां कुल 13 प्रत्याशी चुनावी जंग लड़ रहे हैं।

इतने मतदाता चुनेंगे अपना सांसद
अमेठी लोकसभा सीट पर 13 प्रत्याशियों के सामने 17,89,822 मतदाताओं का जाल बना हुआ है, 9,38,533 पुरुष, 8,51,189 महिला और 100 थर्डजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस सीट पर 2606 सर्विस मतदाता और 18-19 साल के 23789 नए युवा मतदाता शामिल हैं। ये युवा मतदाता पहली बार मतदान में हिस्सा लेंगे। इस लोकसभा सीट के दायरे में पांच विधानसभा सीटे शामिल हैं, जिनमें तिलोई में 3,46,609, जगदीशपुर(सु) में 3,80,543, गौरीगंज में 3,53,020, अमेठी में 3,48,144 और रायबरेली जिले की सलोन(सु) सीट पर 3,61,506 मतदाता वोटिंग के लिए पंजीकृत हैं। अमेठी लोकसभा सीट पर 1125 मतदान केंद्रों के 1923 बूथों पर वोटिंग कराई जाएगी।

ऐसा रहा चुनावी सफर
यूपी में रायबरेली की तरह ही अमेठी लोकसभा भी कांग्रेस, खासतौर से गांधी परिवार का सियासी गढ़ बन चुका था। साल 1967 में अस्तित्व में आई अमेठी लोकसभा सीट पर पहले दो चुनाव कांग्रेस के विद्याधर वाजपेयी पहले दो चुनाव जीते, लेकिन 1977 में यहां जनता पार्टी के रविन्द्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की। लेकिन इसके बाद 1980 के चुनाव में फिर कांग्रेस ने वापसी की और इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी यहां से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे, लेकिन उनका हवाई हादसे में निधन के बाद यहां 1981 में उप चुनाव में पहली बार उनके बड़े भाई राजीव गांधी ने सियासी पारी की शुरुआत की और पहली बार सांसद बने। राजीव गांधी इस सीट से लगातार चार बार निर्वाचित हुए और मां इंदिरागांधी की हत्या के बाद 1984 में प्रधानमंत्री बने। लेकिन 1991 को भी उनकी लिट्टे उग्रवादियों ने विस्फोट करके हत्या कर डाली, जिसके कारण इसी सीट पर फिर उप चुनाव हुए, जिसकें कांग्रेस के सतीश शर्मा जीते और उन्होंने 1996 का दूसरी बार भी चुनाव जीता। कांग्रेस के इस विजय रथ को 1998 के चुनाव में भाजपा के संजय सिंह ने जीत दर्ज करके रोका, लेकिन 1999 में राजनीति में कूदी सोनिया गांधी ने यहां चुनाव जीतकर फिर कांग्रेस की वापसी कराई। इसके बाद सोनिया गांधी ने अपना चुनावी क्षेत्र रायबरेली बनाया और यहां बेटे राहुल गांधी को चुनाव जीताकर सियासत में प्रवेश कराया। इसके बाद राहुल गांधी इस सीट से लगातार लगातार चार बार सांसद बने। लेकिन साल 2019 के चुनाव में इस सीट से भाजपा की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराकर कांग्रेस का तिलिस्म तोड़कर 2014 में हार का बदला चुकता किया। इसके बाद राहुल गांधी ने अपना रणक्षेत्र बदल दिया। कांग्रेस ने इस बार सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में प्रतिनिधि और चुनाव प्रबंधन के प्रभारी रह चुके किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया है।

सबसे ज्यादा ओबीसी मतदाता
अमेठी लोकसभा सीट पर ओबीसी, दलित और मुस्लिम मतदात निर्णायक रहा है, सबसे अधिक 34 फीसदी ओबीसी वर्ग के मतदाता हैं। इसके बाद दलित मतदाताओं की संख्या करीब 26 फीसदी है। जबकि करीब 8 फीसदी ब्राह्मण, करीब 12 फीसदी राजपूत के अलावा यहां मुस्लिम 20 फीसदी करीब 3.5 लाख मतदाता हैं। जनसंख्या के लिहाज से अमेठी जिले की अनुमानित 23,42, 493 है। जबकि लोकसभा क्षेत्र अमेठी में शामिल रायबरेली जिले की सलोन विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या 6,03,970 है। इस प्रकार अमेठी लोकसभा की अनुमानित जनसंख्या 29,46,463 है। 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक अमेठी की 72.16 फीसदी जनसंख्या साक्षर है। इनमें पुरुष 83.85 फीसदी और महिलाओं की साक्षरता दर 60.64 फीसदी है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button