रक्षाबन्धन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार की सौगात


भारत को त्योहारों का देश कहते हैं। यहाँ प्रत्येक त्योहार की अपनी-अपनी मान्यताएं है। रक्षाबन्धन भारतीय संस्कृति का एक पवित्र त्योहार है। भाई-बहन के आपसी प्रेम का यह पर्व हमारे समाज में रिश्तों की अहमियत को भी दर्शाता है। भारतीय सभ्यता में प्रत्येक पर्व के साथ कोई न कोई दंत-कथा भी जुड़ी हुई है। राखी के त्योहार के साथ भी कई कथाओं का प्रसंग मिलता है। राजा बलि, देवासुर संग्राम, महाभारत में श्री कृष्ण द्वारा युधिष्ठिर को राखी का पर्व मनाने की सलाह, शिशुपाल वध के समय श्री कृष्ण की तर्जनी पर लगी चोट पर द्रौपदी द्वारा अपनी साड़ी फाड़कर उनकी उंगली पर बांधना जैसे प्रसंग रक्षाबन्धन के त्योहार से जुड़े हुए हैं।
बहन और भाई का रिश्ता अनोखा और अनूठा होता है। आपसी नोकझोंक, लड़ाई, रूठना-मनाना इस रिश्तें की खासियत होती है। इसके साथ ही दोनों के बीच प्रेम, अपनेपन की भी पराकाष्ठा होती है। अप्रतिम एव सम्बन्धः – यह रिश्ता बेजोड़ है। भाई अगर बड़ा है, तो बहन उसके साथ सुरक्षित महसूस करती है। यदि बहन बड़ी है, तो भाई को जीवन की कोई कमी महसूस नहीं होने देती। साथ-साथ बड़े होते हुए यह कब एक दूसरे के दोस्त, मार्गदर्शक और सबसे बड़े हितैषी बन जाते हैं, पता ही नही चलता। अक्सर भाई चंचल स्वभाव के होते है। बहनें इसके विपरीत गम्भीर स्वभाव की होती है। परिवार में सुख, शान्ति का वातावरण बनाए रखने में दोनों के आपसी प्रेम की बड़ी भूमिका होती है। इन दोनों के माध्यम से घर का वातावरण खुशनुमा और प्रफुल्ल बना रहता है। रक्षाबन्धन का पर्व भाई-बहन के इसी पवित्र, पावन और अप्रतिम रिश्ते को गरिमा प्रदान करने वाला त्योहार है। भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर बहन उसे अपने प्रति कर्तव्य की याद दिलाती है, तो दूसरी ओर भाई द्वारा बहन की रक्षा का संकल्प प्रति वर्ष सदियों से लिया जाता रहा है। यह हमारे रीति-रिवाजों, परम्पराओं को पोषित-पल्लवित कर समाज को दिशा प्रदान करता रहा है।
प्रदेश की वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में समाज की सार्थक, समयानुकूल, आपसी प्रेम, भाईचारें को समृद्ध करने वाली परम्पराओं की पूरी संवेदनशीलता के साथ रक्षा करने के हरसम्भव प्रयास और कार्य कर रही है। इसी कार्य के अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष राज्य सरकार द्वारा रक्षाबन्धन के पर्व पर सभी माताओं, बहनों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सौगात दी जाती है। इस वर्ष भी प्रदेश सरकार द्वारा सभी माताओं, बहनों तथा बेटियों को रक्षाबन्धन के पर्व पर यह उपहार दिया गया है, जिससे वह अपने भाईयों को राखी बांधने जाने की यात्रा सुगमता से तथा सुरक्षा के साथ कर सकें। 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 31 अगस्त 2023 की रात्रि 12 बजे तक यह सुविधा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में मातृ-शक्ति के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। परम्पराओं की रक्षा करने तथा भाई-बहन के आपसी प्रेम के पर्व रक्षाबन्धन को हर्षोल्लास के साथ मनाने में अपनी भूमिका की दृष्टि से उत्तर प्रदेश सरकार का यह प्रयास सराहनीय है।
-प्रदीप कुमार गुप्ता(फीचर लेखक) मुख्यमंत्री सूचना परिसर लोकभवन लखनऊ।
