दिल्ली विस चुनाव: केजरीवाल को प्रवेश वर्मा व आतिशी को रमेश बिधुड़ी देंगे टक्कर
भाजपा ने जारी की 29 सीटों के प्रत्याशियों की सूची,


कांग्रेस ने भी आप नेताओं के खिलाफ उतारे मजबूत प्रत्याशी
LP Live, New Delhi: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधान चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को नई दिल्ली विधानसभा सीट से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि सीएम आतिशी के खिलाफ भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को कालकाजी सीट से उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने सियासी जमीन तैयार करना शुरु कर दिया है और अपने अपने उम्मीदवारों का ऐलान करना भी शुरु कर दिया है। सत्तारुढ़ आप और कांग्रेस के बाद शनिवार को भाजपा ने भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में नई दिल्ली विधानसभा सीट से आप के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जहां कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को चुनाव मैदान में उतारा है। इसी प्रकार भाजपा ने कालकाजी सीट से दिल्ली की उम्मीदवार एवं सीएम आतिशी के खिलाफ पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जहां कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता अल्का लांबा को इस सीट पर चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने जंगपुरा सीट से पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सामने सरदार तरविंदर सिंह मारवाह को मैदान में उतारा है। जबकि यहां कांग्रेस ने फरहद सूरी को उम्मीदवार घोषित किया है।

कैलाश गहलौत को दिया टिकट
भाजपा ने पिछले दिनों आप सरकार में मंत्री रहे कैलाश गहलोत को बिजवासन से अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए अरविंदर सिंह लवली को गांधी नगर सीट से टिकट दिया है। वहीं भाजपा के उम्मीदवारों में करोल बाग से दुष्यंत गौतम, राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा, पटपड़गंज सीट से रवींद्र सिंह नेगी, आरके पुरम से अनिल शर्मा, मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय, महरौली से गजेंद्र यादव, छतरपुर से करतार सिंह तंवर, अंबेडकर नगर सीट से खुशीराम भाजपा प्रत्याशी के रुप में चुनाव मैदान में होंगे। इसके अलावा बदरपुर सीट से नारायण दत्त शर्मा, विश्वास नगर से ओम प्रकाश वर्मा, कृष्णा नगर से अनिल गोयल, सीमापुरी से कुमारी रिंकू, रोहतास नगर से जितेंद्र महाजन और घोंडा से अजय महावर को भाजपा का प्रत्याशी घोषित किया गया है।
मंगोलपुरी चुनाव लडेंगे राजकुमार चौहान
भाजपा ने आदर्श नगर से राज कुमार भाटिया, बवाना से दीपक चौधरी, रोहिणी से कुलवंत राणा, नांगलोई जाट से मनोज शौकीन, मंगोलपुरी (अजा) से राजकुमार चौहान, रोहिणी से रोहिणी विजेन्द्र गुप्ता, शालीमार बाग से रेखा गुप्ता, मॉडल टाउन से अशोक गोयल, पटेल नगर (अजा) से राजकुमार आनंद और जनकपुरी से आशीष सूद का अपना उम्मीदवार बनाया है।
