जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में होगा विधानसभा चुनाव
हरियाणा की 90 सीटों पर एक अक्टूबर को होगा मतदान


दोनों राज्यों के चुनाव के चार अक्टूबर को आएंगे नतीजे
LP Live, New Delhi: भारत निर्वाचन आयोग ने जम्मू कश्मीर व हरियाणा विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को चुनाव काराए जाएंगे। जबकि हरियाणा विधानसभा के चुनाव एक चरण में एक अक्टूबर को होंगे। जबकि चार अक्टूबर को दोनों राज्यों के चुनावों के लिए मतगणना कराई जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। जम्मू कश्मीन में धारा 370 हटने के बाद पहली बार यानी एक दशक बाद विधानसभा चुनाव होंगे। चुनाव की घोषणा करते हुए चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू कश्मीर में कड़ी सुरक्षा के बीच तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा। मसलन जम्मू कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को वोटिंग होगी। जम्मू कश्मीर में कुल 90 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 74 सामान्य, 9 एसटी व 7 एसी सीटें हैं। पूरे जम्मू कश्मीर में करीब 11, 838 मतदाता केंद्र बनाए जा रहे हैं। यह मतदाता केंद्र कुल 9169 स्थानों पर बनाए जाएंगे। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 9506 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 735 मतदाता है। जम्मू कश्मीर में चुनाव आयोग ने इस बार 360 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाने का फैसला किया है।
87.09 लाख मतदाता करेंगे वोटिंग
चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू कश्मीर में टोटल 87.09 लाख मतदाता हैं। इनमें 42 लाख 62 हजार महिला मतदाता हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या 44.46 लाख है। यहां पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख हैं। जबकि कुल मिलाकर 20.7 लाख युवा मतदाता हैं जिनकी आयु 20 से 29 वर्ष के बीच है। जम्मू कश्मीर में सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे द्वारा भी की जाएगी। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में 2018 में सरकार भंग होने के बाद से ही चुनाव नहीं हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में आखिरी बार 2014 में चुनाव हुए थे। तब भाजपा-पीडीपी ने गठबंधन बनाया था। हालांकि, बाद में भाजपा ने इस गठबंधन से दूरी बना ली। 2018 में भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की गठबंधन वाली सरकार गिर गई थी। जम्मू-कश्मीर में मतदाता सूची 20 अगस्त को जारी होगी।

हरियाणा में एक अक्टूबर को होगी वोटिंग
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि जम्मू कश्मीर के अलावा हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए एक अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है। यहां आखिरी बार 2019 में चुनाव हुए थे। तब भाजपा-जजपा ने साथ आकर सरकार बनाई थी। हालांकि इसी साल मार्च में दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया था। दूसरी तरफ भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। हरियाण में 27 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो जाएगी। राज्य में एक चरण में एक अक्तूबर को मतदान होगा और चार अक्तूबर को नतीजे जारी होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, “हरियाण में 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं। यहां 2.01 करोड़ मतदाता होंगे। इनमें 10,321 मतदाता शतायु हो चुके हैं। हरियाणा में 10,495 स्थानों पर 20,629 मतदान केंद्र होंगे। एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की औसत संख्या 977 होगी। 125 मतदान केंद्रों की कमान महिलाओं के हाथों में होगी। हरियाणा में एक अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए 5 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरु हो जाएगी और नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर होगी।
जम्मू कश्मीर में चुनाव कार्यक्रम
जम्मू कश्मीर में पहले चरण के लिए गैजेट नोटिफिकेशन 20 अगस्त को जारी होने के साथ नामांकन भरने शुरु होंगे, जिसके लिए आखिरी तारीख 27 अगस्त होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अगस्त होगी। 18 सितंबर को चुनाव होंगे। जबकि दूसरे चरण के लिए गैजेट नोटिफिकेशन 29 अगस्त को जारी होगा, वहीं नामांकन की आखिरी तारीख 5 सितंबर होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 9 सितंबर होगी। 25 सितंबर को चुनाव होंगे। तीसरे चरण के एक अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए गैजेट नोटिफिकेशन 5 सितंबर को जारी होगा, वहीं नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 17 सितंबर होगी।
