दुनियादेश

वैश्विक मुद्दों पर संयुक्त कार्रवाई करने पर बल

हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और तंजानिया महत्वपूर्ण समुद्री देश: ओम बिरला

LP Live, New Delhi: भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तंजानिया में वहां प्रधानमंत्री कासिम मजलिवा के साथ खासतौर से जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इसके लिए संयुक्त कार्रवाई पर बल देते हुए बिरला ने कहा कि भारत और तंजानिया आपसी संबंधों को और मजबूत और विकसित करने के प्रतिबद्ध हैं।

लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को बताया कि तंजानिया के प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों के समाधान के लिए संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और तंजानिया महत्वपूर्ण समुद्री देश हैं। इसलिए दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच ऐतिहासिक संबंध आपसी राजनीतिक समझ, शासन की लोकतांत्रिक व्यवस्था में दोनों देशों के गहरे विश्वास और बहुआयामी आर्थिक-वाणिज्यिक संबंधों के आधार पर विकसित हुए हैं। दोनों समुद्री देशों के बीच घनिष्ठ संबन्धों को लेकर बिरला ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और तंजानिया के बीच रक्षा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पहली बार इस क्षेत्र में द्विपक्षीय रक्षा एक्सपो और क्षमता निर्माण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम भविष्य में रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग और परस्पर साझेदारी बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।

आर्थिक क्षेत्र में भारतीय निवेश
बिरला ने इस बात की खुशी है कि भारतीय समुदाय के लोग सदियों से तंजानिया के लोगों के साथ मिलकर देश के आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं। वहीं तंजानिया में भारतीय मूल के लोग दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते आ रहे हैं। पिछले कुछ सालों में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश में हुई वृद्धि का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा कि भारत तंजानिया में बंदरगाहों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि-प्रसंस्करण और लघु उद्यमों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि तंजानिया और जंजीबार में भी जल क्षेत्र की परियोजनाएं चल रही हैं। बिरला ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि तंजानिया के छात्रों ने भारत के कई विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त की है।

तंजानिया के छात्रों से संवाद
भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने इस यात्रा के दौरान तंजानिया के पूर्व छात्रों के साथ बातचीत की। बिरला ने कहा कि तंजानिया की विकास यात्रा में भारत हमेशा से एक विश्वसनीय भागीदार रहा है। भारतीय शिक्षा प्रणाली में समावेशी दृष्टिकोण और सुनिश्चित अकादमिक और कैरियर विकास की संभावना है जिससे प्रभावित होकर दुनिया भर के छात्र भारत में अध्ययन करने के लिए आते हैं। वहीं बिरला ने भारतीय व्यापार समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की और उन्हें भारत सरकार द्वारा कारोबार के लिए प्रदान किए जा रहे अनुकूल माहौल के बारे में जानकारी दी। बिरला को बताया गया कि तंजानिया में कारोबारी समुदाय को भारत सरकार से समर्थन और सहयोग मिल रहा है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button