कर्नाटकदेशराजनीति

कर्नाटक में दस मई को होंगे विधानसभा चुनाव

चुनाव आयोग ने किया तारीखों का ऐलान, 13 मई को आएंगे चुनाव के नतीजे

पंजाब की जालंधर लोकसभा के अलावा कई राज्यों की विधानसभा सीटो पर उपचुनाव की घोषणा
LP Live, New Delhi: भारत निर्वाचन आयोग ने आखिर कर्नाटक विधान सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है, जहां दस मई को मतदान कराया जाएगा और 13 मई को मतगणना के साथ चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे।वहीं पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट समेत कुछ राज्यों की विधानसभा सीटों पर भी दस मई को उप चुनाव कराने की घोषणा की गई है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को यहां नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की। इस बार भी कर्नाटक में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। की तारीखों का ऐलान कर दिया। कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को ख़त्म हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि कर्नाटक में 2018-19 के बाद इस बार 9.17 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। यानी एक अप्रैल तक 18 साल के हो रहे सभी युवा मतदाता कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मतदान कर सकेंगे। इस प्रकार कर्नाटक में 224 विधानसभा क्षेत्रों में फिलहाल मतदाताओं की संख्या 5,21,73,579 हो गई हैं।

चुनाव की तैयारियां पूरी
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव कराने के लिए राज्य में सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। राज्य में दस मई को होने वाले चुनाव के लिए 58,282 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 20,866 शहरी केंद्र हैं। इनमें से 50 प्रतिशत मतदान केंद्र यानी 29,140 पर वेबकास्टिंग की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया करीब 1,320 मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारी मौजूद रहेंगी। आयोग द्वारा 240 मतदान केंद्रों को मॉडल पॉलिंग स्टेशन बनाएंगे। युवाओं को मतदान केंद्रों पर लाने के लिए 224 मतदान केंद्र सिर्फ युवाओं द्वारा संचालित किया जाएगा।

2018 में क्या थे चुनावी परिणाम
कर्नाटक में साल 2018 विधानसभा चुनाव में 224 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 104 सीटें जीतीं थी। सबसे बड़ा दल होने के बाद भी भाजपा सत्ता से दूर रह गई। जेडीएस और कांग्रेस ने चुनाव बाद गठबंधन करके सरकार बनाई। इसके कांग्रेस और जेडीएस विधायकों की इस्तीफे के कारण कुमारस्वामी सरकार गिर गई। विधायकों के अपने पाले में आने के बाद बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा ने सरकार बनाई थी। लेकिन कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता येदियुरप्पा ने अपने चौथे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ 26 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिनका स्थान 28 जुलाई 2021 को बसवराज बोम्मई को सौंपा गया। राज्य में 224 विधानसभा सीटों में भाजपा की सीट 117 , कांग्रेस की 69 ,जेडीएस की 32 और अन्य 6 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

वायनाड सीट पर नहीं हुआ उपचुनाव का ऐलान
चुनाव आयोग ने हाल ही में खाली हुई केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनावों का ऐलान नहीं किया गया, जो कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर रिक्त हो चुकी है। जबकि चुनाव आयोग ने पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट के अलावा तीन राज्यों की चार विधानसभा सीटों ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट, उत्तर प्रदेश की छानबे और स्वार विधानसभा सीट और मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर दस मई को उप चुनाव कराने की घोषणा की है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button