मतदान से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें नागरिक: राष्ट्रपति
राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में बोली द्रौपदी मुर्मू


चुनाव में अहम भूमिका निभाने वालों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
LP Live, New Delhi: राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने देश के नागरिकों से आव्हान किया कि वे मतदान के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र को दुनिया के सबसे बड़े, जीवंत और स्थिर लोकतंत्र के रूप में सम्मान दिया गया है, जिसमें हर नागरिक को मताधिकार का अधिकार शामिल है।
नई दिल्ली में बुधवार को 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में शामिल हुई भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि संविधान सभा के सदस्यों ने नागरिकों की बुद्धिमता में अपार विश्वास व्यक्त किया और वयस्क मताधिकार के आधार पर चुनाव का प्रावधान किया। भारत की जनता ने उनके विश्वास को सच कर दिखाया है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश में पिछले सात दशकों के दौरान चुनाव प्रक्रिया से सामाजिक क्रांति संभव हुई है। उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र संविधान में निहित सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचन आयोग और अन्य सभी प्रतिभागियों के संयुक्त प्रयासों से हमारा लोकतंत्र और मजबूत होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमारी चुनाव प्रक्रिया और हमारे लोकतंत्र की बड़ी उपलब्धि है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। यह भी उल्लेखनीय है कि हमारी संसद के इतिहास में पहली बार दोनों सदनों को मिलाकर महिला सांसदों की संख्या सौ के आंकड़े को पार कर गई है। ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं का अहम योगदान है। इस मौके पर उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार से ‘इलेक्टिंग द फर्स्ट सिटिजन-एन इलस्ट्रेटेड क्रॉनिकल ऑफ इंडियाज प्रेसिडेंशियल इलेक्शन्स’ नामक पुस्तक की प्रथम प्रति प्राप्त की। यह पुस्तक देश में राष्ट्रपति के निर्वाचन की ऐतिहासिक यात्रा की झलक देती है।

चुनाव आयोग की पहल
राष्ट्रपति ने कहा कि मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए निर्वाचन आयोग का आदर्श वाक्य ‘कोई मतदाता पीछे न छूटे’ सराहनीय है। यह वाक्य सभी मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के चुनाव आयोग के लक्ष्य की व्याख्या करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फॉर श्योर’ मतदाताओं के संकल्प को दर्शाती है। निर्वाचन आयोग और मतदाताओं का सामूहिक योगदान हमारे देश की चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे मतदान को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान मानें और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना से मतदान अवश्य करें।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 2022 के दौरान चुनाव के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को वर्ष 2022 के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। सरकारी मीडिया और संचार संगठनों तथा अन्य विभागों जैसे महत्वपूर्ण हितधारकों को भी मतदाता जागरूकता में उनके अमूल्य योगदान के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
