उत्तर प्रदेशकरियरराजनीतिस्वास्थ्य

यूपी के हर जिले को मिली महिला स्वास्थ्यकर्मी

मुख्यमंत्री योगी ने चयनित 7,182 एएनएम को वितरित किये नियुक्ति पत्र

पिछले छह साल में छह लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 75 जनपदों के लिए 7182 एएनएम स्वास्थ्य कार्यकर्त्रियों को चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इन चयनित स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्तिपत्र वितरित किये। प्रदेश में रोजगार नीति के तहत पिछले छह साल में करीब छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

यहां लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित नियुक्तिपत्र वितरण समारोह के दौरान 28 नवचयनित एएनएम स्वास्थ्य कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। जबकि सभी जनपद इस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे, वहां भी नवचयनित एएनएम के नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य किया गया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 75 जनपदों के लिए 7182 एएनएम स्वास्थ्य कार्यकर्त्रियों का चयन किया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एएनएम के चयन की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2014 में सत्ता सम्भालते हुए पूरे देश एक कुटुम्ब तथा परिवार बताते हुए कहा था कि किसी भी व्यवस्था में यह भेदभाव स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से यह सख्ती से लागू है। इसी का नतीजा है कि आज प्रदेश में निष्पक्ष और पारदर्शियां नियुक्तियां हो रही हैं। पिछले 6 वर्षां में प्रदेश में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग, माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग, बेसिक शिक्षा अथवा पुलिस की भर्तियों में चयन की प्रक्रिया में किसी भी स्थिति में धांधली, अव्यवस्था, अराजकता अथवा भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया गया और इस दौरान करीब छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई हैं।

प्रदेश में बेहतर हुई स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत सभी हेल्थ वर्कर्स जिनमें एएनएम, आंगनबाड़ी तथा आशा कार्यकर्त्रियां हैं, उन्होंने फील्ड में रहकर बहुत अच्छा कार्य किया है। विगत 06 वर्षां में राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे (एनएफएचएस) के आंकड़े इन बदलावों को प्रदर्शित करते हैं। प्रदेश में संस्थागत प्रसव में वृद्धि हुई है। इसी प्रकार एनीमिया को कम करने, मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर को नियंत्रित करने में प्रदेश सरकार को सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2017 तक प्रदेश में केवल 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे। आज सभी 75 जनपदों में मेडिकल कॉलेज बनाने की ओर आगे बढ़ चुके हैं। 59 जनपदों में या तो मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं, या निर्माणाधीन हैं। शेष 16 जनपदों में भी सरकार के स्तर पर अथवा पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य किया जा रहा है।

एएनएम की स्वास्थ्य क्षेत्र में अहम भूमिका
नियुक्ति पत्र कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री के मिशन रोजगार के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। सभी नवचयनित एएनएम पूरी तन्मयता, मेहनत तथा लगन से महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सक्षम भूमिका का निर्वहन करेंगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा, सूचना निदेशक शिशिर सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं नवचयनित एएनएम उपस्थित थीं। सभी जनपद इस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे, वहां भी नवचयनित एएनएम के नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य किया गया।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button