Select Language :

Home » एजुकेशन » शिक्षकों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन व वेतनमान को लेकर आक्रोश

शिक्षकों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन व वेतनमान को लेकर आक्रोश

 लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को मुजफ्फरनगर में शिक्षकों का एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डीआईओएस कार्यालय के बाहर जमकर आवाज उठाई। बाद में जीआईसी (GIC) के प्रधानाचार्य ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों का ज्ञापन लिया और उच्च अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया।
शिक्षकों ने जताई नाराजगी:  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं डीआईओएस कार्यालय पर धरने पर बैठे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों की लगातार हो रही उपेक्षा से प्रदेश भर का शिक्षक त्रस्त है। उन्होंने कहा कि जनपद और प्रदेश स्तर पर लंबित पड़ी शिक्षकों की समस्याओं का यथाशीघ्र निस्तारण करना बेहद आवश्यक है।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग:  जिलाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार जैन ने पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) और धारा 18 तथा 21 को शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के रवैये पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा न तो संतोषजनक उत्तर दिया जा रहा है और न ही प्रकरणों का समय पर निस्तारण हो रहा है।
डीआईओएस की कार्यशैली पर उठे सवाल: जिला मंत्री अरुण कुमार ने मुजफ्फरनगर के डीआईओएस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि डीआईओएस की हठधर्मिता के चलते चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान और वेतन निर्धारण जैसी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा, नई पेंशन से पुरानी पेंशन में आए शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों को अभी तक लाभ नहीं मिल पाने से शिक्षकों में गहरा आक्रोश है।
धरने में इनकी रही उपस्थिति:  इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष संजय कुमार मोघा ने भी अपने विचार रखे। धरने को सफल बनाने में प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, रंजन सिंह पुंडीर, सुभाष सिंह, पदमाकर यादव, विनोद कुमार, रीना यादव, नमन जैन, सुरेंद्र पाल सिंह, हंस कुमार, विजेंद्र बहादुर, आवेश कुमार, धीरेंद्र कुशवाहा, सुभाष चंद्र, वीरेंद्र पटेल, बृज बिहारी धूरिया, असित सिंह, डॉ. अमित कुमार वर्मा, राजीव कुमार, हरेंद्र सिंह, इमरान अहमद, शुभम पाल, राहुल कुमार, सुनील कुमार गोयल, विजय कुमार शर्मा और हेमंत बिश्नोई समेत कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

Are You Satisfied Lokpath Live

Our Visitor

1 0 1 8 2 4
Total views : 297250

Follow us on