
लोकपथ लाइव, लखनऊ: उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। शासन स्तर से जारी नवीनतम आदेश के तहत प्रदेश के 20 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव मुजफ्फरनगर जिले में देखने को मिला है, जहां संजीव कुमार वर्मा की जगह सूरज राय की नए एसएसपी के रुप में तैनाती की गई है।
सूरज कुमार राय बने मुजफ्फरनगर के नए एसएसपी
शासन से जारी तबादला सूची के अनुसार, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार का स्थानांतरण करते हुए उन्हें 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज के सेनानायक पद पर भेजा गया है। वहीं, बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में तैनात रहे तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर रहेगा जोर
मुजफ्फरनगर में नए एसएसपी के रूप में कमान संभालने जा रहे सूरज कुमार राय 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। बागपत में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। मुजफ्फरनगर जैसे संवेदनशील और प्रमुख जिले में उनकी तैनाती से आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने और यातायात व जन-सुनवाई व्यवस्था को और बेहतर करने की उम्मीद जताई जा रही है।
किसे कहां से कहां भेजा गया
शासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, प्रदेश भर में स्थानांतरित और नई जिम्मेदारियां पाने वाले अधिकारियों का विवरण इस प्रकार है:
ए. सतीश गणेश: एडीजी यातायात एवं सड़क सुरक्षा, यूपी पद पर बने रहेंगे (अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार हटाया गया)।
भगवान एस. श्रीवास्तव: एडीजी तकनीकी सेवाएं, लखनऊ को एडीजी अपराध का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया।
यशवीर सिंह: एसपी, बस्ती से पुलिस अधीक्षक, जौनपुर बनाए गये।
कुँवर अनुपम सिंह: एसपी, जौनपुर से पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया।
रवीना त्यागी: डीसीपी, लखनऊ से पुलिस अधीक्षक, बाराबंकी बनाया गया।
संजय कुमार: एसएसपी, मुजफ्फरनगर से सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज नियुक्त किया गया।
ओमवीर सिंह: एसपी, बलिया से पुलिस अधीक्षक, बस्ती बनाया गया।
कुँवर ज्ञानन्जय सिंह: एसपी, हापुड़ से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज भेजा।
कमलेश बहादुर: एसपी, मऊ से एसपी (लोक शिकायत), डीजीपी मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया।
ईरज राजा:एसपी, गाजीपुर से पुलिस अधीक्षक, बलिया बनाया।
अर्पित विजयवर्गीय: एसपी, बाराबंकी से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बनाया।
सर्वेश कुमार मिश्रा: सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज से पुलिस अधीक्षक, मऊ भेजा।
विनय कुमार सिंह: एसपी, जालौन से पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर बनाया।
सूरज कुमार राय: एसपी, बागपत से हटाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर तैनाती की गई।
चिराग जैन: एसपी ग्रामीण, आजमगढ़ से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली भेजा।
मानुष पारीक: एसपी नगर, बरेली से पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ बनाया।
आलोक राज नारायण: एएसपी, हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा बनाया गया।
पूर्णेन्दु सिंह: स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी/एसपी को पुलिस अधीक्षक, बागपत भेजा।
मधुवन कुमार सिंह: एसपी नगर, आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक, हापुड़ बनाया गया।
सुरेश चन्द्र रावत: एएसपी, मथुरा से हटाकर पुलिस अधीक्षक, जालौन भेजा गया।
प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल के मायने
शासन के इस कदम से कई जिलों में पुलिस कप्तानों के साथ-साथ कमिश्नरेट व्यवस्था वाले शहरों जैसे लखनऊ और प्रयागराज में भी नए पुलिस उपायुक्तों (DCPs) की तैनाती हुई है। जिलों में अपराध पर रोकथाम, सार्वजनिक सुरक्षा और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश के साथ सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


Post Views: 190











Total views : 430820